बालोद. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बाद CRPF जवानों ने अपन सामाजिक दायित्व का भी निभाया। इस कार्य में प्रेस क्लब बालोद और नगरवासियों का भी सहयोग मिला। आम चुनाव के लिए बालोद आए सैनिकों ने नगर के लोगों को मिलनसार और वातावरण को बहुत ही खुशनुमा बताया। बालोद में रहते-रहते यहां से इस कदर लगाव हो गया कि सीआरपीएफ के जवान जाने से पहले यहां अपनी यादगार स्मृति छोड़ना चाहते थे। इसके लिए पौधारोपण से बेहतर भला और क्या हो सकता है। यही वजह है कि जवानों ने पाकुरभाट में पौधे रौपे।
बता दें कि इस वर्ष भीषण गर्मी का प्रकोप पूरे देश में देखने को मिला। पेड़ लगाओ का नारा देशभर में गूंज रहा है। जवानों ने भीषण गर्मी में अपनी ड्यूटी निभायी। अब जाने से पहले जवानों ने अपने सामाजिक दायित्व को निभाते हुए पौधे रोपकर धरती का श्रृंगार किया। सीआरपीएफ जवानों, जिला प्रशासन के प्रमुख अधिकारी, प्रेस क्लब बालोद, मीडिया के साथियों, शहर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और डॉक्टरों ने इस परिक्षेत्र में सैकड़ों पौधे रोपित किए। यह सब इन जवानों की प्रेरणा से संभव हो पाया। पाकुरभाट स्थित लाइवलीहुड कॉलेज परिसर में पौधा रोपण कार्य किया गया।

भविष्य में भीषण गर्मी से बचने पेड़ जरूरी
इस अवसर पर सीआरपीएफ के सहायक सेनानी रवि शर्मा ने कहा कि हमें बालोद जिले में कर्तव्य निर्वहन के लिए ड्यूटी सौंपी गई थी। चुनाव में जनता और प्रशासन का बहुत सहयोग मिला। चुनाव होने के बाद अभी भी हम ड्यूटी निभा रहे हैं। इस सीजन में भीषण गर्मी देखने को मिली। आने वाले वर्षों में भीषण तेज गर्मी की आशंका और सूर्य के तेज प्रताप से बचने पौधारोपण किया गया। उन्होंने बालोदवासियों की सराहना करते हुए नागरिकों से पौधे लगाने की अपील भी की।
जवानों के सामाजिक सरोकार की प्रशंसा
प्रेस क्लब बालोद के अध्यक्ष प्रदीप चोपड़ा ने सीआरपीएफ जवानों के इस सामाजिक सेवा के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके योगदान को बालोदवासी कभी नहीं भूल पाएंगे। आज जवानों ने पौधारोपण का कार्य किया है, अब उनकी देखभाल करना हम सभी लोगों का कर्तव्य रहेगा। उन्होंने सभी मीडिया के सहयोगियों का आभार भी जताया।
सभी ने लिया पौधों की सुरक्षा का संकल्प
इंजीनियर ताराचंद साहू ने कहा कि हर व्यक्ति को एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। नर्सिंग हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर तारेश रावटे ने कहा कि यह जन सामान्य, समाज के साथ-साथ अपने को सुखद एहसास दिलाने वाला कार्य है। उम्मीद अस्पताल के डॉक्टर प्रदीप साहू ने प्रेस क्लब बालोद और सीआरपीएफ के जवानों द्वारा किए गए पौधारोपण कार्य को सराहा। प्रकाश उपाध्याय, दीपक देवांगन, अखिल साहू, किशोर साहू ने कहा कि आने वाली पीढ़ी के लिए पौधारोपण बहुत जरूरी है। पौधे लगाने के साथ उसकी सुरक्षा भी हमारी जिम्मेदारी है। वरिष्ठ पत्रकार जुनेद कुरैशी ने CRPF जवानों के देशप्रेम और पौधरोपण जैसे अच्छे सामाजिक और पुनीत कार्य के लिए कविता पाठ किया।