25.1 C
Raipur
Saturday, July 27, 2024

कांग्रेस के गढ़ में गरजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कहा-छत्तीसगढ़ को ATM बना डाला, कोयला में हाथ और मुंह दोनों काला कर लिए, PSC में रिश्तेदारों को रख लिया

अंबिकापुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में प्रचार करने सरगुजा संभाग के सीतापुर विधानसभा पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सीजीपीएससी में रिश्तेदारों को रख लिया गया। यह भ्रष्टाचार नहीं तो क्या है। हम पीएससी के घोटाले की जांच करवायेंगे। उन्होंने कहा, कांग्रेस का पसंदीदा घोटाला ‘कोयला घोटाला’ है। पहले भी जब कांग्रेस की सरकार थी, तब भी कोयला घोटाला हुआ था और उनके मंत्रियों को सजा हुई थी। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को एटीएम बना लिया है। पार्टी फंडिंग का पैसा यहां से दिल्ली जाता है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में घोटाले ही घोटाले हो रहे हैं। लूट ही लूट मची है। गोठान घोटाला, राशन घोटाला, शराब घोटाला है। कोयला घोटाला तो इनका पसंदीदा घोटाला है। जब कहीं इनको कोयला दिखता है यह हाथ और मुंह दोनों काला कर डालते हैं। उन्होंने कहा कि सारी दुनिया में पीएम मोदी के आने के बाद भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। अब भारत को गंभीरता से सुना जाता है। प्रधानमंत्री ने देश के लिए बहुत सारी योजनाओं को लागू किया, लेकिन छत्तीसगढ़ में नहीं किया गया। 16 लाख प्रधानमंत्री आवास नहीं बनने दिया। राज्य सरकार ने अपने राज्यांश नहीं दिया। 18 लाख परिवार पीएम आवास योजना और 17 लाख परिवार केंद्र सरकार की जल जीवन योजना से पूरी तरह वंचित रह गई।

’30 टका सीधे ऊपर तक पहुंच रहा’
भाजपा के स्टार प्रचारक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा छत्तीसगढ़ में भाजपा आवत हे और कांग्रेस जावत हे। उन्होंने कहा, मैं विश्वास दिलाता हूं। यहां की समस्याओं को विधानसभा में भाजपा विधायक प्रभावी आवाज दिलाने का काम करेंगे। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था खत्म हो गई। कांग्रेस के कुशासन में छत्तीसगढ़ की कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, खुलेआम महिलाओं पर अत्याचार, हत्याएं हो रही हैं, गरीब परिवार की बेटियां गायब हो रही हैं। भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री बनने के बाद 30 टका सीधे ऊपर जाता है, ऐसी भी भ्रष्ट सरकार आपने नहीं देखी होगी। कांग्रेस का रिपोर्ट कार्ड जीरो बटा सन्नाटा है। ये पूरी तरह से जीरो हैं, फिर भी कांग्रेस कहती है कि हम ही हीरो हैं।

‘कांग्रेस का गढ़ है सीतापुर विधानसभा’
बता दें कि सीतापुर सीट से खाद्य मंत्री अमरजीत भगत के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने रामकुमार टोप्पो को चुनावी मैदान में उतारा है। इस विधानसभा क्षेत्र में भाजपा अपने उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। सेना की नौकरी छोड़ राजनीति में आए रामकुमार टोप्पो इस बार अमरजीत भगत को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। सीतापुर विधानसभा सीट एक ऐसी सीट है, जिस पर 1952 के पहले चुनाव से लेकर आज तक कभी भी भाजपा ने जीत का स्वाद नहीं चखा है। यही वजह है कि इस विधानसभा क्षेत्र में भाजपा लोगों को लुभाने हर संभव प्रयास में जुटी है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here