25.1 C
Raipur
Saturday, July 27, 2024

क्या BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने वाले हैं शिवराज सिंह चौहान या सरकार में मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी?, जानें क्यों तेज हुई चर्चा…

भोपाल. न्यूजअप इंडिया
लोकसभा चुनाव में भले ही भारतीय जनता पार्टी को बहुमत नहीं मिला है, लेकिन उसके नेतृत्व वाले NDA ने 293 सीटों के साथ तीसरी बार बहुमत हासिल किया है। ऐसे में एनडीए की सरकार बनने का रास्ता भी साफ हो चुका है। इस बीच खबर आ रही है कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को BJP बड़ी जिम्मेदार सौंपने की तैयारी कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो शिवराज सिंह चौहान को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है।

शिवराज को बड़ी जिम्मेदारी मिलने को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। इसकी दो प्रमुख वजहें हैं, जिसमें से पहला यह कि भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है। दूसरी वजह यह है कि बीजेपी अब नए नेतृत्व की तलाश कर रही है, ताकि उसके विजन पर आगे बढ़ा जा सके। वहीं शिवराज को लेकर यह भी चर्चा है कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनने वाली सरकार में कोई प्रमुख मंत्रालय सौंपा जा सकता है। शिवराज सहित सभी नवनिर्वाचित सांसदों को इसलिए जल्दी-जल्दी दिल्ली बुलाया गया है। उनके अलावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और खुजराहो सांसद वीडी शर्मा भी दिल्ली गए हैं।

विदिशा से शिवराज ने हासिल की बड़ी जीत
शिवराज सिंह चौहान ने लोकसभा चुनाव में विदिशा से 8 लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की है। वह छठी बार सांसद चुने गए हैं। इससे पहले वह पांच बार पहले भी सांसद रह चुके हैं। बीजेपी ने मध्य प्रदेश में क्लीन स्वीप करते हुए सभी 29 सीटों पर जीत हासिल की है। 1984 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है, जब मध्य प्रदेश में किसी एक पार्टी ने लोकसभा की सभी सीटों पर जीत का परचम लहराया है।

क्यों शिवराज को अध्यक्ष बनाने की हुई चर्चा?
जेपी नड्डा को 2020 में बीजेपी अध्यक्ष बनाया गया। भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल तीन साल का होता है। ऐसे में उनका कार्यकाल पहले ही खत्म हो गया था। इस बीच लोकसभा चुनाव-2024 को ध्यान में रखते हुए जेपी नड्डा के कार्यकाल को बढ़ाकर जून 2024 तक कर दिया गया। जून के अंत तक बीजेपी को नया अध्यक्ष चुनना है। वहीं मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में BJP को जीत दिलाने के बाद भी शिवराज सिंह को मुख्यमंत्री नहीं बनाया गया था। उनकी जगह मोहन यादव को सीएम की कुर्सी मिली। इसके बाद से चर्चा हो रही थी कि शिवराज को कोई बड़ा पद मिलने वाला है। अब शिवराज को नई सरकार में कोई बड़ा मंत्रालय मिल सकता है या फिर वह राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here