रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ में चुनावी तैयारियों के बीच कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में दो नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। पुलिस ने माओवादियों के पास से एक इंसास राइफल, एक 12 बोर राइफल, विस्फोटक और दैनिक उपयोग का सामान जब्त किया है। मुठभेड़ के बाद घटना स्थल की सर्चिंग जारी है। कांकेर एसपी दिव्यांग पटेल ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। जवानों के वापस लौटने पर ज्यादा जानकारी मिल पाएगी।
मिली जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ सुबह आठ बजे कोयलीबेड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के चिलपरस गांव के जंगल में हुई। राज्य पुलिस बल की एक इकाई डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की टीम एंटी नक्सल ऑपरेशन पर निकली थी। जवान सर्चिंग कर रहे थे, तभी माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभाला और मुंहतोड़ जवाब दिया। फोर्स को भारी पड़ता देख माओवादी जंगल का फायदा उठाकर भाग खड़े हुए।
सर्चिंग अभियान और तेज किया गया
घटना स्थल की सर्चिंग करने पर दो माओवादियों के शव, हथियार और दैनिक उपयोग की सामग्री पुलिस ने बरामद किया है। मारे गए नक्सलियों की पहचान नहीं हो पायी है। सर्चिंग से जब टीम लौटेगी तब ज्यादा जानकारी मिल पाएगी। इलाके में सुरक्षा बलों ने सर्चिंग अभियान को और तेज कर दिया है। जवानों के लौटने के बाद और ज्यादा जानकारी मिलने की बाद पुलिस विभाग के अफसर कह रहे हैं।
बस्तर में पहले चरण में होना है चुनाव
बता दें कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव तारीखों की घोषणा हो चुकी है। यहां दो चरणों में 7 नवंबर और 17 नवंबर को मतदान होना है। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में मतदान 7 नवंबर को होना है। माओवादियों ने चुनाव बहिष्कार का ऐलान करते हुए कई जगह बैनर लगा चुके हैं। चुनाव से पहले नक्सली गतिविधिओं ने शांतिपूर्व मतदान को लेकर चुनाव आयोग सहित सुरक्षा बलों की चिंता बढ़ गई है।