SUKMA. न्यूजअप इंडिया.कॉम
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के गोगुंडा की पहाड़ियों पर पुलिस-नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई है। सुबह से दोनों ओर से रुक-रुककर फायरिंग हो रही है। मुठभेड़ में फोर्स को बड़ी कामयाबी मिलने की बाते सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक सुरक्षाबलों ने 17 नक्सलियों को मार गिराया है, जिनके शव भी बरामद हो गए हैं। वहीं मुठभेड़ में दो जवान को मामूली चोट आई है। मुठभेड़ में मरने वाले नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है। घटनास्थल से आधुनिक हथियार बरामद हुए हैं।
सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि मिली जानकारी के अनुसार, 28 मार्च को जिला सुकमा के थाना केरलापाल क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर DRG सुकमा और CRPF की संयुक्त पार्टी नक्सल विरोधी अभियान पर रवाना हुई थी। 29 मार्च को सुबह 8 बजे से माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच लगातार फायरिंग जारी रही। इलाके में 500 से ज्यादा सुरक्षा बलों के जवान लगातार सर्चिंग कर रहे हैं। मारे गए माओवादियों की संख्या अभी और भी बढ़ने की संभावना है। ज्यादा जानकारी जवानों के वापस कैंप पर लौटने के बाद मिलेगी।
नक्सल संगठन को लगातार बड़ा झटका
20 मार्च को हुई मुठभेड़ में 26 नक्सली मारे गए थे। सुरक्षाबलों के लगातार सफल ऑपरेशन के बाद नक्सलियों में भय व्याप्त हो गया है। इस मुठभेड़ के दो दिन बाद बीजापुर में 22 नक्सलियों ने सरेंडर किया था। समर्पण करने वाले 22 नक्सलियों में से 6 नक्सलियों पर 11 लाख रुपयों का इनाम था। इन नक्सलियों में AOB डिवीजन सदस्य, तेलंगाना स्टेट कमेटी सदस्य, समेत प्लाटून मेम्बर्स शामिल थे। इन्होंने CRPF के DIG देवेंद्र सिंह नेगी और ASP डॉक्टर यूलेण्डन यॉर्क के सामने सरेंडर किया था। बीजापुर में अब तक 107 नक्सलियों समर्पण कर चुके हैं।
20 मार्च को बस्तर में मारे गए थे 30 नक्सली
बस्तर संभाग में 20 मार्च को 30 नक्सली सुरक्षाबलों के हाथों मारे गए थे। बीजापुर जिले में हुई एक बड़ी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों को बड़ी क्षति पहुंचाई थी। यहां जवानों ने 26 नक्सलियों को मार गिराया है। वहीं बस्तर संभाग के ही कांकेर जिले में 4 नक्सली मारे गए हैं। वहीं एक जवान भी इस मुठभेड़ में शहीद हुआ है। मुठभेड़ स्थल से AK, SLR, इंसास, 303,315 बोर, 12 बोर, भरमार आदि हथियार बरामद किए थे। मरने वालों में कई इनामी नक्सली थे।
नक्सलवाद खत्म करने की दिशा में छत्तीसगढ़ः साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुकमा जिले के केरलापाल थाना क्षेत्र के उपमपल्ली में सुरक्षाबलों की नक्सलियों के साथ आज जारी मुठभेड़ में अब तक 16 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। मुठभेड़ में डीआरजी के 2 जवान के घायल होने की खबर है। ईश्वर से शीघ्रातिशीघ्र उनके स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मानवता विरोधी नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में सुरक्षाबल के जवान नक्सलियों की मांद में घुसकर उसको जड़ से खत्म करने का काम कर रहे हैं। निश्चित ही जवानों को मिली यह कामयाबी सराहनीय है, उनकी बहादुरी को नमन करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ मार्च 2026 तक नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। निश्चित ही उनके कुशल नेतृत्व में देश-प्रदेश को वामपंथी उग्रवाद से जल्द ही मुक्ति मिलेगी।