26.1 C
Raipur
Friday, July 26, 2024

Election 2024: चुनाव में कई सेलिब्रिटीज ने आजमाया भाग्य, सबसे ज्यादा मार्जिन से जीतीं हेमा मालिनी, कौन जीता और किसे मिली हार जानिए…

इंटरटेनमेंट डेस्क। लोकसभा चुनाव 2024 का रिजल्ट आ चुका है। इस बार बॉलीवुड से लेकर साउथ और भोजपुरी सिनेमा से कुल 15 सेलेब्स किस्मत आजमाने उतरे थे। 15 सेलेब्स में से 11 सेलिब्रिटी के हाथ जीत लगी है। इसमें सबसे बड़ी जीत बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल यानी अभिनेत्री हेमा मालिनी ने हासिल किया है। पश्चिम बंगाल के आसनसोल से टीएमसी की टिकट पर चुनाव लड़े शत्रुघन सिन्हा और रामायण सीरियल के भगवान राम यानी अरुण गोविल को जीत मिली है। आइये जानते हैं कुछ सिलिब्रिटीज के बारे में जिन्हें जीत और हार मिली…

  • हेमा मालिनीः बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री और भाजपा सांसद हेमा मालिनी को लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश की मथुरा सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनावी मैदान में थीं। उन्होंने बड़ी जीत हासिल की है। हेमा मालिनी ने कांग्रेस के मुकेश धनगर को 2 लाख 93 हजार 407 वोटों से हराया है। यह उनका तीसरा कार्यकाल है।
  • कंगना रनौतः हिमाचल प्रदेश के मंडी से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ने वाली एक्ट्रेस कंगना रनौत ने 74755 वोटों से जीत हासिल किया है। कंगना रनौत ने कांग्रेस पार्टी के विक्रमादित्य सिंह को 74755 वोटों से हराकर अपनी जीत दर्ज की है। एक्ट्रेस ने मंडी के लोगों को धन्यवाद दिया और अपनी जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया।
  • शत्रुघ्न सिन्हाः दिग्गज अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा को भी लोकसभा चुनाव में जीत हासिल हुई है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट पर भाजपा के सुरेंद्रजीत सिंह अहलूवालिया को 59564 वोटों से मात दे दिया है। शत्रुघ्न सिन्हा पहले भारतीय जनता पार्टी से भी सांसद रह चुके हैं।
  • रवि किशनः भोजपुरी के सुपरस्टार हैं रवि किशन भी चुनाव जीत गए हैं। उत्तर प्रदेश की गोरखपुर सीट से बीजेपी के उम्मीदवार थे और उन्हें लोकसभा चुनाव 2024 में जीत हासिल हुई है। उन्होंने समाजवादी पार्टी की काजल निषाद को 13526 वोटों से हरा दिया है। रवि किशन हिन्दी सिनेमा के भी जाने-माने कलकार हैं।
  • मनोज तिवारीः भोजपुरी के ही दिग्गज सितारे और नेता मनोज तिवारी नार्थ ईस्ट दिल्ली से तीसरी बार बीजेपी की टिकट पर चुनावी मैदान में उतरे थे। उनका मुकाबला कांग्रेस के बड़े उम्मीदवार कन्हैया कुमार से था। मनोज तिवारी ने कन्हैया कुमार को 138778 वोटों से मात दी है।
  • अरुण गोविलः रामानंद सागर की रामायण में भगवान राम का रोल निभाने वाले एक्टर अरुण गोविल को भी फैंस ने खूब प्यार दिया है। अब राजनीति में अरुण गोविल को खूब प्यार मिल रहा है। उत्तर प्रदेश की मेरठ लोकसभा सीट पर BJP की तरफ से इस बार अरुण गोविल मैदान में थे। उन्होंने सपा उम्मीदवार को 10 हजार से ज्यादा वोटों से हराया।
  • पवन कल्याणः लोकसभा चुनाव के साथ आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव की मतगणना भी 4 जून को हुई थी, जिसमें जन सेना पार्टी के नेता और साउथ सिनेमा के सुपरस्टार पवन कल्याण ने YSRCP’s से वांगा गीता विश्वनाथम को पीठपुरम विधानसभा सीट से पछाड़कर जीत हासिल की है। उनकी जीत से पूरे आंध्र प्रदेश में जश्न का माहौल है।
  • स्मृति ईरानीः लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट से भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी मैदान में उतरी थीं। इस सीट पर स्मृति ईरानी को कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा ने हरा दिया। कांग्रेस के किशोरी लाल 167196 के भारी अंतर से जीते। स्मृति इरानी मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में केंद्रीय मंत्री भी थीं।
  • राज बब्बरः हरियाणा के गुड़गांव लोकसभा से एक्टर राज बब्बर कांग्रेस के प्रत्याशी थे। उन्हें लोकसभा चुनाव 2024 में हार का सामना करना पड़ा। भाजपा प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह ने बब्बर को 75 हजार से ज्यादा वोटो से हराया। राज बब्बर पहले आगे थे, लेकिन दोपहर वह भाजपा प्रत्याशी से पिछड़ते चले गए।
  • पवन सिंहः भोजपुरी सिंगर और लोकसभा चुनाव 2024 के प्रत्याशी पवन सिंह बिहार के काराकाट की सीट हार गए। इस सीट को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राजा राम सिंह ने जीता है। पवन सिंह को भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल से टिकट दिया था, लेकिन उन्होंने टिकट मिलने के बाद चुनाव लड़ने से मना कर दिया था।
  • दिनेश लालः भोजपुरी सितारे दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ भारतीय जनता पार्टी की तरफ से उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ सीट से चुनावी मैदान में उतरे थे, लेकिन दिनेश लाल यादव को हार का सामना करना पड़ा है। दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ को समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव ने 1 लाख 61 हजार से ज्यादा वोटों से हरा दिया।
Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here