उमरिया। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में मंगलवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) ने जमकर बवाल मचाया। उग्र कार्यकर्ताओं ने शासकीय वाहनों सहित कई गाड़िया में तोड़फोड़ कर दी। सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर घायल कर दिया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस को दौड़ाया और पत्थरों से हमला कर दिया। एएसपी प्रतिपाल सिंह महोबिया समेत 8 पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। सभी घायलों पुलिसकर्मियों को अस्पताल भर्ती कराया गया। उग्र कार्यकर्ताओं को रोकने पुलिस ने लाठी चार्ज करना पड़ा। आंसू गैस के गोले के साथ केनन से पानी की बौछार कर खदेड़ा गया। कलेक्टर-एसपी समेत पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद है। स्थिति को सामान्य किया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक उमरिया जिले के मानपुर विधानसभा में हुए कार्यों में भ्रष्टाचार की जांच के लिए गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने प्रदर्शन किया था। पार्टी के हजारों कार्यकर्ता रानी दुर्गावती चौराहे पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान शहपुरा और कटनी दोनों ही मार्ग जाम हो गया। प्रदर्शनकारियों ने शहर में घुसने और दुकानें बंद करने की मांग प्रशासन के सामने कर दी। इस बात को लेकर शुरू हुआ प्रदर्शन देखते ही देखते हिंसक हो गया। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। गोंगपा कार्यकर्ता सभा स्थल के पास खड़े फायर बिग्रेड समेत निजी वाहनों में तोड़फोड़ करने लगे। लाठी-डंटे से लैस प्रदर्शनकारियों को रोकने पुलिस कर्मी आगे बढ़े तो उन पर पथराव कर दिया। एएसपी प्रतिपाल सिंह महोबिया सहित 8 पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने लाठियां बरसाई, जिसके बाद और बवाल हो गया।

वीडियोग्राफी से आरोपियों की तलाश की जा रही
उमरिया कलेक्टर बुद्धेश वैध ने बताया की गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के काकोड़िया द्वारा यहां एक आमसभा का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम की सुरक्षा में पुलिस कर्मी लगाए गए थे। शाम 5 बजे तक सभी कुछ सामान्य था, लेकिन इसके बाद उन्होंने कह दिया की वह शहर में जाएंगे और रैली के रूप में जाएंगे। उन्होंने मांग राखी की प्रशासन दुकानें बंद कराए नहीं तो दुकानों में तोड़फोड़ करेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से बेरिकेट लगाकर उन्हें रोका गया। इस दौरान भीड़ से पथराव होने लगा, जिसें 8 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। शांति व्यवस्था बनाने हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी से अपराधियों की पहचान की जा रही है। दोषियों पर आपराधिक मामले दर्ज किये जायेंगे।