25.1 C
Raipur
Saturday, July 27, 2024

छत्तीसगढ़ में किराए का मकान लेकर रहेंगे गृहमंत्री, अमित शाह को लेकर TS सिंहदेव ने क्यों कहा ऐसा

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ दौरे पर आए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि अमित शाह अब यहां किराए का मकान लेकर रहेंगे। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है। कांग्रेस को चुनौती देना है तो हर तरह का प्रयास करना पड़ेगा। कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश में काम की बदौलत लोगों का विश्वास हासिल किया है। भूपेश बघेल सरकार ने हर वर्ग का ख्याल रखा है। प्रदेश में फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी।

बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एक माह में तीन बार छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ चुके हैं। अमित शाह के लगातार छत्तीसगढ़ दौरे पर उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि अमित शाह भाजपा के प्रमुख नेता हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है। कांग्रेस को चुनौती देने हर प्रयास करना पड़ेगा। दिल्ली से आकर काम करना पड़ रहा है। इसका मतलब यह है कि वे स्वयं आकलन रहे हैं कि उनकी स्थिति कमजोर है। टीएस सिंहदेव ने कहा कि सर्वे और मीडिया का आकलन है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने अच्छा काम किया है। कुछ काम नहीं हो पाते, लेकिन जो काम हुए हैं, उससे हमें विश्वास है कि लोगों का पूरा साथ मिलेगा। भाजपा की तरफ से ऐसा कुछ होता नहीं दिख रहा है कि उन्हें 13 सीटों से बढ़कर 46 सीटें मिल सके।

ED-IT की रेड पर बोले- फर्क नहीं पड़ता
छत्तीसगढ़ में ईडी और आईटी की कार्रवाई को लेकर सिंहदेव ने कहा कि इससे सरकार को फर्क नहीं पड़ता। प्रदेश सरकार पर बात नहीं आ रही है। व्यक्तिगत तौर पर जिनके ऊपर आक्षेप लग रहे हैं, उनकी बात आ रही है। ईडी लगातार सत्ता के विरोध में रहने वाले दलों पर कार्रवाई कर रही है, उस पर प्रश्न उठ रहे हैं। जो गलत हों, उन पर कार्रवाई हो। सिंहदेव ने कहा कि ईडी के डायरेक्टर के एक्सटेंशन पर भी सवाल उठ रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने भी ईडी प्रमुख के एक्सटेंशन को अनुचित करार दिया है। महाराष्ट्र में अजीत पवार के खिलाफ ईडी जांच की बात चल रही थी। अब वह महाराष्ट्र में भाजपा के गठबंधन वाली सरकार में उप मुख्यमंत्री बन गए हैं तो उनकी जांच अब नहीं हो रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि ईडी की कार्रवाई गैर भाजपा शासित राज्यों में ही क्यों हो रही है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here