26.1 C
Raipur
Saturday, July 27, 2024

मिजोरम में लैंडस्लाइड से 27 की मौत, रेमल तूफान के कारण बारिश से खदान ढही, असम में भी दो की मौत

आइजोल. एजेंसी। पश्चिम बंगाल में रविवार (26 मई) को आए रेमल तूफान का असर अब नॉर्थ-ईस्ट में दिखने लगा है। मिजोरम में तूफान के कारण लगातार हो रही बारिश की वजह से आइजोल में एक पत्थर की खदान ढह गई। अब तक इसमें 27 लोगों की मौत हुई है। इनमें 4 साल का लड़का और 6 साल की लड़की शामिल है। दो लोगों का रेस्क्यू भी किया गया है। वहीं बारिश और तेज हवाओं से असम में भी दो लोगों की मौत हुई है।

मिजोरम के DGP अनिल शुक्ला ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि अब तक 27 शव निकाले गए हैं। इनमें में 8 स्थानीय लोगों के हैं, जबकि 4 दूसरे राज्यों के हैं। बाकी शवों की पहचान की जा रही है। मलबे में 6-7 लोगों के दबे और होने की आशंका है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, लेकिन तेज बारिश के कारण इसमें दिक्कतें आ रही हैं। इसके अलावा नॉर्थ-ईस्ट के एक अन्य राज्य असम में भी आज तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। मोरीगांव जिले में ऑटो रिक्शा पर पेड़ गिरने से एक कॉलेज स्टूडेंट की मौत हो गई। चार लोग घायल हो गए। लखीमपुर में लैंडस्लाइड के चलते एक व्यक्ति की जान चली गई। सोनितपुर जिले में एक स्कूल बस पर पेड़ गिर गया, इसमें 12 बच्चे घायल हो गए।

IMD ने 30 मई तक बारिश का अलर्ट जारी किया
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार दोपहर तक तूफान रेमल कमजोर होकर गहरे दबाव क्षेत्र में बदल गया। हालांकि, भारत के पूर्वोत्तर राज्यों में सोमवार से साइक्लोन का असर शुरू हो गया। असम सहित पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में सोमवार से बारिश जारी है। गुवाहाटी में कल 14 और त्रिपुरा में 11 उड़ानें रद्द हुईं। IMD ने पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम में 30 मई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here