रांची. न्यूजअप इंडिया
झारखंड में हुए अवैध खनन घोटाले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबियों के यहां ED की छापेमारी चल रही है। CM सोरेन के मीडिया सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू, साहिबगंज के डिप्टी कमिश्नर सहित दर्जनभर करीबियों के यहां ईडी की रेड पड़ी है। ईडी ने जिन लोगों के यहां छापेमारी की गई है, उनका राजनीतिक गलियारों में मजबूत कनेक्शन है। रांची के रातू रोड में रहने वाले रोशन नाम के शख्स के यहां भी ईडी के अफसर दस्तावेज खंगाल रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक अवैध खनन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने एक्शन लिया गया है। ईडी की तरफ से विनोद सिंह नाम के शख्स के यहां पर भी छापेमारी की जा रही है। विनोद सिंह ग्रिड आर्किटेक्ट कंसल्टेंसी के मालिक हैं। उनके खिलाफ ईडी को शिकायत की गई थी कि उन्होंने अपने और अपने परिवार के नाम पर बड़ी तादाद में अवैध संपत्ति बना रखी है। ये संपत्तियां झारखंड में अलग-अलग जगहों पर खरीदी गई हैं। राजनीतिक गलियारों में विनोद सिंह का हेमंत सोरेन और अभिषेक प्रसाद से करीबी रिश्ता बताया जाता है। ईडी अफसरों के साथ सशस्त्र सुरक्षा बल भी तैनात है। इधर ऐसी भी सूचना है कि झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विधायक दल की बैठक करने वाले हैं।
ED को मनी लॉन्ड्रिंग के अहम सबूत मिले: सूत्र
बता दें कि ED ने कुछ दिनों पहले दर्ज की गई एफआईआर और चार्जशीट की कॉपी झारखंड पुलिस से मांगी थी। झारखंड के साहिबगंज-जिले के चर्चित पत्थर व्यवसायी कन्हैया खुडानियां और डीसी रामनिवास यादव के सरकारी आवास पर भी ईडी ने छापेमारी की है। ईडी की टीम डीसी रामनिवास यादव और कन्हैया खुडानियां के घर पर दस्तावेज खंगाल रही है। विनोद सिंह के घर प्रिंटर मशीन लेकर ED की टीम पहुंची है। कंप्यूटर और लैपटॉप से कुछ अहम दस्तावेज प्रिंट किए जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक ED को मनी लॉन्ड्रिंग के अहम सुराग मिले हैं।
भाजपा ने कहा- लूटने वाले लोग जाएंगे जेल
ऐसी भी सूचना है कि झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विधायक दल की बैठक करने वाले हैं। इस बैठक में ईडी के जरिए उनकी गिरफ्तारी का मुद्दा भी उठने वाला है। इधर झारखंड भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने राज्य में ईडी की छापेमारी पर कहा, जिन लोगों ने झारखंड को दोनों हाथ से लूटा उनके यहां रेड पड़ी है। झारखंड को लूटने वाले लोग जेल जाएंगे। भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की गारंटी पीएम मोदी ने दी है।