26.1 C
Raipur
Saturday, July 27, 2024

हमारी शिक्षा की बुनियाद पर मोदी देश के PM बने, हमसे ही पूछ रहे कांग्रेस ने 70 साल में क्या कियाः मल्लिकार्जुन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में आयोजित ’भरोसे का सम्मेलन’ में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले 70 सालों में हमने जो शिक्षा की बुनियाद रखी, उसी बुनियाद पर चलकर मोदी जी देश के प्रधानमंत्री बने। छत्तीसगढ़ में भिलाई स्टील प्लांट सहित अन्य पब्लिक सेक्टरों की नींव हमारी सरकार ने रखी। हमारी सरकार ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम लाकर गरीब और आम लोगों को राशन उपलब्ध कराया। देश के लिए कुछ नहीं करने वाले पूछते हैं कि कांग्रेस ने क्या किया?

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मणिपुर हिंसा की तुलना छत्तीसगढ़ से करके छत्तीसगढ़ के लोगों का अपमान किया है। वे मणिपुर जाने से डर रहे हैं, लेकिन छत्तीसगढ़-राजस्थान में इलेक्शन कैंपन जरूर कर रहे हैं। विदेश घूम रहे हैं, लेकिन मणिपुर कभी नहीं गए। खरगे ने कहा कि पीएम बहुत नाटक करते हैं। नाटक कंपनी में भर्ती होने के बजाय पार्लियामेंट में आ गए हैं। मणिपुर हिंसा को रोकने आपने क्या किया। आपकी सरकार ने क्या किया यह बताइये। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भाजपा के लोग सुबह और शाम यही पूछते हैं कि कांग्रेस ने क्या किया। गांधी परिवार ने देश की सेवा की है। राहुल गांधी देश के लोगों को जोड़ने पदयात्रा करते हैं।

BJP के लोग डरे हुए, ED-IT-CBI को लगाया
छत्तीसगढ़ में केंद्रीय एजेंसियों के छापों पर खरगे ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा के लोग डरे हुए हैं। किसी तरह यहां के लोग डर जाए, इसलिए यहां केंद्रीय एजेंसियों ईडी, सीबीआई, आईटी को लगा दिया है। कांग्रेस के लोग डरने वाले नहीं हैं। हम अंग्रेजी हुकुमत से नहीं डरे तो आपसे क्या डरेंगे। नेहरू-गांधी के सिपाही डरने वाले नहीं है। खरगे ने कहा कि भूपेश सरकार ने हर वर्ग का ख्याल रखा। न्याय योजना से सबका दिल जीता है। आगामी चुनाव में हम भारी बहुमत से फिर छत्तीसगढ़ में सरकार बनाएंगे।

एयरपोर्ट, हाईवे, पोर्ट और पब्लिक सेक्टर को बेच रहे
खरगे ने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू ने पब्लिक सेक्टर शुरू करके लाखों लोगों को रोजगार से जोड़ा, लेकिन आप नौकरी छिनने में लगे हुए हैं। एयरपोर्ट बेच रहे हैं, हाईवे बेच रहे, पोर्ट बेच रहे हैं। कांग्रेस शासन में जो बनाया गया उसे आप बेचकर खा रहे हो। भिलाई इस्पात संयंत्र, हीराकुंड, भाखड़ा बांध कांग्रेस ने बनाया। कपड़ा हमारा, स्कूल हमारा, छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कांग्रेस ने बनाया…। 9 सालों में आपने क्या किया, कुछ भी तो नहीं और सवाल करते हैं।

BJP राज में भ्रष्टाचार-कमीशनखोरी का बोलबालाः भूपेश
सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि 5 साल पूर्व किसानों की हालत खराब थी। भ्रष्टाचार एवं कमीशनखोरी का बोलबाला था। हमने किसानों की स्थिति को मजबूत बनाया। बिना किसी बिचौलियों के किसानों के खाते में पैसा सीधे ट्रांसफर किया। हमने 107 लाख मैट्रिक टन धान किसानों से खरीदा है। हमने किसानों से कर्जा माफी का वादा किया था और उस वादे को निभाया है। पूर्व सरकार में बेरोजगारी भत्ता केवल 300 रुपये मिलता था। हमने 1 लाख 22 हजार बेरोजगारों को 112 करोड रुपये दिए हैं। 42 लाख परिवारों को बिजली बिल हाफ योजना का लाभ मिल रहा है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here