25.1 C
Raipur
Saturday, July 27, 2024

किसान के खेत में आसमान से गिरा रहस्यमयी गोला, दहशत में ग्रामीण, ग्वालियर से वैज्ञानिकों की टीम को बुलाया

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के भितरवार थाना इलाके के जोरा गांव में आसमान से एक चमकदार गोला गिरने से हड़कंप मच गया। गोला गिरने से खेत में लगभग 2 फीट गहर गड्ढा हो गया। आसमान से गोला गिरने की खबर जैसे ही फैली बड़ी संख्या में ग्रामीण खेत तक पहुंच गए। किसी अनहोनी की आशंका में ग्रामीण गोले के पास नहीं गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जानकारी जुटा रही है। वहीं ग्वालियर से विशेषज्ञों की टीम को भी भितरवार बुलाया गया है। अब जांच के बाद ही पता चलेगा कि यह गोलाकर वस्तु क्या है।

थाना प्रभारी रमाकांत उपाध्याय ने बताया कि जोरा गांव में आसमान से एक गोला गिरा है। यह क्या है और किससे टूटकर गिरा है इसकी जानकारी नहीं मिल पायी है। जिला प्रशासन को सूचना दी गई है। वैज्ञानिकों के आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। ग्राम जोरा श्यामपुर में किसान पूरन आदिवासी के खेत में यह गोला गिरा है। खेत में धान की रोपाई का काम चल रहा था। आसपास के खेतों में भी किसान काम कर रहे थे, तभी आसमान से यह गोला गिरा। जहां पर गोला गिरा वहां लगभग 2 फीट गहरा गड्ढा हो गया है। अगर किसी के ऊपर यह गिरता तो बड़ा हादसा हो जाता।

पुलिस व जिला प्रशासन के अफसर पहुंचे गांव
खेत में गोला गिरने की सूचना तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। किसी अनहोनी की आशंका से उन्होंने ग्रामीणों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी। जिला प्रशासन के अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गई। ग्वालियर से वरिष्ठ वैज्ञानिकों की टीम भी मौके के लिए रवाना हुई है। वैज्ञानिकों की जांच के बाद पता लग पाएगा कि गोलाकार वस्तु क्या है। भितरवार एसडीएम डीएन सिंह भी घटना स्थल पर पहुंचे। वे भी यह बताने में असमर्थ हैं। अब वैज्ञानिकों के जांच के बाद ही पता चलेगा कि आखिर यह क्या है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here