26.3 C
Raipur
Sunday, September 8, 2024

‘छत्तीसगढ़ में भी होगी जाति जनगणना’, प्रियंका गांधी बोलीं- मोदी की गारंटी चाइना सामान की तरह, 15 लाख खातों में नहीं आए, देश का युवा भी बेरोजगार

रायपुर. न्यूजअप इंडिया
कांकेर जिले में नगरीय निकाय एवं पंचायती राज महासम्मेलन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में फिर से कांग्रेस की सरकार बनते ही हम जातिगत जनगणना करवाएंगे। बिहार में अभी जातिगत जनगणना हुआ है। इससे सभी वर्गों के लिए योजनाएं बनेंगी। केंद्र की मोदी सरकार जातिगत जनगणना आखिर क्यों नहीं कराती। प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा, देश का किसान एक दिन में 27 रुपये कमा रहा है तो प्रधानमंत्री के उद्योगपति दोस्त 1600 करोड़ों कमा रहे हैं। यह बहुत बड़ी राजनीतिक साजिश है। महंगाई की वजह से आज मिडिल क्लास और गरीब परेशान हैं। भाजपा के लोग कभी मुद्दे की बात नहीं करते। ये लोग जाति-धर्म की बातें करके आपको गुमराह करते हैं और आपका ध्यान भटकाते हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि 8-8 हजार करोड़ रुपये के दो-दो हवाई जहाजों में ये लोग घूमते हैं, लेकिन ये आपको जवाब नहीं दे पाते कि रोजगार क्यों नहीं है। ये जवाब नहीं दे पाते कि महंगाई इतनी क्यों बढ़ी हुई है। 15 लाख रुपये देने का वादा किया, हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया, लेकिन मोदी जी की गारंटी खोखली गारंटी है। उन्होंने कहा कि देश के सार्वजनिक उपक्रम उद्योगपतियों को दिए जा रहे हैं, जबकि प्रदेश सरकार आपके हित और आपकी संपत्ति की रक्षा करती है। महंगाई में गरीब और मिडिल क्लास के लोग पीस रहे हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ की सरकार ने आपकी राहत और मदद के लिए बहुत काम किया है। आज छत्तीसगढ़ का किसान खुश है। खेती लाभ का जरिया बन गया है। पूरे देश में छत्तीसगढ़ इकलौता राज्य है, जहां खेती करने वाले किसान बढ़ रहे हैं। सबसे ज्यादा धान की कीमत छत्तीसगढ़ में मिल रही है। आज छत्तीसगढ़ का नाम देशभर में जाना जाता है।

‘उत्तर प्रदेश का किसान 12 में क्यों धान बेच रहा’
प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां आकर धान खरीदी का श्रेय लेते हैं। मैं पूछना चाहती हूं कि मोदीजी की सरकार छत्तीसगढ़ का धान खरीद रही है तो उत्तर प्रदेश का किसान 12 से 14 सौ रुपये में क्यों धान बेचते हैं। उत्तर प्रदेश में पूरी रात महिलाओं को खेतों की रखवाली करनी पड़ती है। बनारस और यूपी के किसान आखिर क्यों परेशान हैं। यूपी में भाजपा की सरकार है। किसानों को उपज की कीमत क्यों नहीं मिल रही है। मोदी से सिर्फ गुमराह करते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के गोठानों का जिक्र देशभर हो रही है। सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ किया गया। यह सिर्फ छत्तीसगढ़ की किसान हितैषी सरकार ने किया है। केंद्र सरकार की नीतियों से बेरोजगारी, महंगाई बढ़ रही है।

‘बस्तर आने से लोग डरते थे, अब हालात बदले’
प्रियंका गांधी ने कहा कि आपका भरोसा हमारे साथ बना है। जब इंदिरा गांधी छत्तीसगढ़ आयी थी तब उन्होंने स्वामी आत्मानंद से कहा कि शिक्षा का विकास करना है। आज भूपेश बघेल की सरकार यह कार्य कर रही है। आज आपकी सरकार आपको आगे बढ़ाने का काम कर रही है। यहां का मिलेट्स प्रोसेसिंग प्लांट एशिया का सबसे बड़ा प्लांट है। बस्तर आज प्रमुख पर्यटन स्थल बन गया है। बहुत लोगों को रोजगार मिल रहा है। 60 से ज्यादा वनोपज समर्थन मूल्य पर खरीदे जा रहे हैं। इतना सारा काम आपके क्षेत्र में हो रहा है, लोग पहले यहां आने से डरते थे, हर तरफ हिंसा भय और उत्पीड़न था, लेकिन अब हालात बदले हैं। अब लोग बस्तर आ सकते हैं। जनता की भलाई के लिए नियत की जरूरत है। इंदिरा जी की नीयत सही थी, इसलिए आज भी उन पर भरोसा है। भूपेश बघेल पर भी भरोसा है, क्योंकि उन्होंने सभी वर्ग के लिए बेहतर काम किया हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि मनरेगा योजना भी हमारी सरकार की देन है।

‘किसानों का कर्ज माफ किया, पुरानी पेंशन भी दे रहे’
प्रियंका गांधी ने कहा कि आज आपके प्रदेश की चर्चा पूरे देश में है। कितना काम और कितना तेजी से विकास हो रहा है। यहां का किसान खुश है और जितने भी कार्य हो रहे हैं, यहां स्थानीय निकायों से कार्य हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ की सरकार ने 24 घंटे के भीतर ही ऋणमाफी करने का काम किया था। छत्तीसगढ़ की सरकार पुरानी पेंशन दे रही है। यहां 5 सालों में करोड़ों रुपये जनता के जेब में डाले गए हैं, 40 लाख लोग गरीबी रेखा से बाहर आये हैं। उत्तर भारत में आवारा पशुओं की समस्या बनी हुई है, लेकिन मैं गर्व से कहती हूं छत्तीसगढ़ में गोठान बनने से आवारा पशुओं की समस्या हल हुई है और आपको लाभ भी हुआ है। खेती में देशभर में किसान परेशान है और यहां का किसान खुश है।

छत्तीसगढ़ न्याय के रास्ते पर चल रहाः भूपेश बघेल
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पंचायती राज्य का प्रावधान राजीव जी ने किया। उन्होंने 73 वें और 74 वें संशोधन के माध्यम से यह तय किया। एक तिहाई महिलाओं को आरक्षण देने की व्यवस्था की गई। जब से पंचायती राज्य लागू हुआ है, महिलाएं मंच में बैठी हैं। पंचायत भी संचालित कर रही हैं और महापौर भी बनी हुई हैं। छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम हमने किया है। छत्तीसगढ़ में कोई भेदभाव नहीं होता। बेटे-बेटियों में कोई भेदभाव नहीं होता। महिलाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। पंचायती राज को मजबूत बनाने का काम किया जा रहा है। पेसा कानून को हमने लागू किया है। लोहांडीगुड़ा में आदिवासियों की जमीन को वापस कराने का काम हमने किया है। 300 इंडस्ट्रियल पार्क हमने शुरू किया है। हम महात्मा गांधी के दिखाए रास्ते पर हम चल रहे हैं। न्याय के रास्ते पर छत्तीसगढ़ चल रहा है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here