रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की भूपेश सरकार के दौरान शुरू की गई राजीव गांधी किसान न्याय योजना को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि किसानों को अब किसान न्याय योजना की राशि नहीं मिलेगी, लेकिन उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने साफ किया है कि विष्णुदेव साय सरकार राजीव गांधी न्याय योजना की चौथी किस्त की राशि देगी। साय सरकार किसानों के साथ अन्याय नहीं करेगी। इधर कांग्रेस ने कहा है कि राजीव गांधी न्याय योजना का पैसा किसानों का हक है। कोई खैरात नहीं, राशि जल्द दिया जाना चाहिए।
बता दें कि विष्णुदेव साय कैबिनेट की बैठक 10 जनवरी को शाम 5 बजे मंत्रालय में होगी। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर फैसला लिया जा सकता है। डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा, पिछली सरकार के फैसले के अनुसार किसानों को दिए जाने वाले राजीव गांधी न्याय योजना की राशि भी दी जाएगी। लोरमी के जरहागांव में आयोजित राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि की भूमिका में आए अरुण साव ने कहा, भाजपा की सरकार किसानों की हितैषी है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा पिछली सरकार के समय राजीव गांधी न्याय योजना की चौथी किस्त की राशि कांग्रेस सरकार ने किसानों को नहीं दिया है, उस पैसे को भी हमारी सरकार देगी।
‘सरकार बदलने से अधिकार खत्म नहीं हो जाते’
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, अगर बात अगर किसानों के हितों की है तो सरकार बदल जाने से किसानों के अधिकार समाप्त नहीं हो जाते। भाजपा की सरकार किसानों के हितों की चिंता करने वाली सरकार है। हम किसानों के अधिकार की वो सारी चीजें देने के लिए तैयार हैं जो मोदी की गारंटी के तहत घोषणा की गई है। इस दौरान गृह जिले व स्थानीय निवास में प्रथम आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। इधर कांग्रेस के प्रदेश कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा न्याय योजना का पैसा किसानों का हक है। उसे जल्द दिया जाना चाहिए।