कवर्धा. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 19 लोगों की मौत हो गई। सभी तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गए थे, वहां से लौटते वक्त पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 3 मजदूर घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में 18 महिलाएं हैं। सभी मृतक सेमरहा गांव के रहने वाले थे। यह घटना कुकदूर थाना के बाहपानी घाटी के पास हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव ने घटना पर शोक जताते हुए घायलों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक दोपहर 2 बजे पिकअप में सवार होकर 36 लोग गांव लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर घाटी के नीचे खाई में गिर गई। पिकअप में 36 लोग सवार थे, जिसमें 19 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में 18 महिला और एक पुरुष है। सभी ग्रामीण रुख्मीदादर से तेंदूपत्ता तोड़कर वापस सेमहरा गांव लौट रहे थे। इस दौरान पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही डिप्टी सीएम विजय शर्मा रायपुर से कवर्धा के लिए रवाना हो गए हैं।
कबीरधाम जिले के एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटना स्थल के लिए रवाना किया गया। दुर्घटना स्थल पर 13 लोगों की मौत हुई है। 5 लोगों ने रास्ते में दम तोड़ दिया। एक घायल की अस्पताल में मौत हो गई। हादसे में 9 लोग घायल हैं, जिसमें 4 लोगों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे में 18 महिला और एक पुरुष की मौत हुई है। 12 लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
सीएम विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया X पर लिखा- ‘कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के बाहपानी गांव के पास पिकअप पलटने से 18 ग्रामीणों के निधन और 4 के घायल होने का दुःखद समाचार प्राप्त हो रहा है। घायलों के बेहतर इलाज के आवश्यक निर्देश ज़िला प्रशासन को दिए गए है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और उनके परिवार के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता हूँ। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।’ डिप्टी सीएम अरुण साव ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है।