25.1 C
Raipur
Saturday, July 27, 2024

दुर्ग में बंधक बनाकर टिम्बर व्यापारी के घर डकैती, 35 तोला सोने के गहने, 25 हजार कैश और मोबाइल लेकर भागे बदमाश…

दुर्ग. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में डकैती की बड़ी घटना हुई है। डकैतों ने ग्राम गनियारी (रसमड़ा) के एक टिम्बर व्यवसायी दंपति को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने आधी रात घर में घुसकर उन्हें बंधक बनाया फिर 35 तोला सोने के जेवर और 25 हजार कैश लूटकर भाग गए। आरोपी CCTV कैमरे में भी कैद हुए हैं। घटना की सूचना के बाद आईजी, दुर्ग एसपी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटना अंजोरा चौकी क्षेत्र की है।

मिली जानकारी के मुताबिक रसमड़ा निवासी टिम्बर व्यापारी दिलीप मिश्रा और उनकी पत्नी किरण मिश्रा शुक्रवार की रात घर में सो रहे थे। तभी देर रात लगभग दो से ढाई बजे 5 बदमाशों ने उनके घर में घुस गए। सभी बाउंड्रीवाल फांदकर अंदर आए और पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में घुसे। रात को किरण मिश्रा पानी पीने उठी तब उसके घर के कमरे का ताला कुछ लोग तोड़ रहे थे। बदमाशों ने मिश्रा दंपति को बंधक बना लिया। उनके हाथ-पैर को रस्सी से बांध दिए। इसके बाद ये बदमाश घर में कीमती सामान ढूंढने लगे। आरोपियों ने मिश्रा दंपति से रुपये और गहने देने की बात कही और नहीं देने जान पर मारने की धमकी देने लगे। बदमाशों ने 35 तोला सोने के जेवर, 25 हजार रुपये नगद और मिश्रा दंपति के मोबाइल लूटकर वहां से फरार हो गए। बदमाशों की पूरी करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

बदमाशों ने शरीर में पहने गहने भी उतरवाए
डकैती की घटना से दहशत में आए मिश्रा दंपति ने सुबह करीब 4 बजे अपने परिजनों के नंबर पर फोन कर पूरी घटना बताई, जिसके बाद पुलिस तक सूचना पहुंची। खबर मिलते ही क्राइम डीएसपी हेम प्रकाश नायक के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और अंजोरा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। मिश्रा दंपति ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। बदमाशों ने पहने हुए गहने भी उतरवाए। फिलहाल शुरुआती जांच में सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग दिख रहे हैं। बदमाश हाथों में डंडा और हथियार लिए घर में घुसते दिखाई दे रहे हैं। दुर्ग पुलिस डकैती के इस वारदात की हर एंगल से जांच कर रही है।

बदमाशों ने मोबाइल लूटकर रास्ते में फेंक दिया
दुर्ग एएसपी अभिषेक झा ने बताया कि अपराध पंजीबद्ध कर क्राइम और पुलगांव पुलिस की संयुक्त टीम मिलकर इस मामले की विवेचना कर रही है। डकैती का तरीका किसी बाहरी गिरोह जैसा लग रहा है। डकैतों ने लूट की घटना को अंजाम देने के बाद मिश्रा दंपति के दो मोबाइल भी साथ ले गए थे, जिसमें से एक मोबाइल घर के बाहर फेंका गया था। दूसरा मोबाइल रसमड़ा पुलिया के पास ट्रेकिंग करने पर बरामद हुआ है। घटना के समय मिश्रा दंपति घर पर अकेले ही थे। उनका एक बेटा दूसरे राज्य में पढ़ाई करने गया हुआ है। बदमाशों ने रैकी के बाद घटना को अंजाम दिया होगा।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here