रायपुर. न्यूजअप इंडिया
दिग्गज आदिवासी नेता विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ का नया मुख्यमंत्री चुन लिया गया है। सीएम बनते ही उन्होंने अपना विजन भी क्लियर कर दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री बनते ही कहा कि 25 दिसंबर को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन है। उस दिन राज्य के सभी कृषकों के खाते में 2 साल का बकाया बोनस दिया जाएगा। हमारी प्राथमिकता चुनावी घोषणा पत्र के तहत जारी की गई मोदी की गारंटी को पूरा करने का होगा। छत्तीसगढ़ बनने के बाद पहली बार किसी आदिवासी को मुख्यमंत्री बनाया गया है।
बता दें कि 2023 के विधानसभा चुनाव में कुनकुरी क्षेत्र से विधायक चुनकर आए विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री होंगे। रविवार को विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर सहमति बन गई है। राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा तय पर्यवेक्षकों ने उनके नाम का ऐलान भी कर दिया गया। मुख्यमंत्री के तौर पर चुने जाने के बाद विष्णुदेव साय की पहली प्रतिक्रया सामने आई है। उन्होंने कहा, वह मुख्यमंत्री के तौर पर सबके विश्वास में खरा उतरने का प्रयास करेंगे। पूरी निष्ठा और ईमानदारी से प्रदेश की प्रगति के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि सबसे पहला काम प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख मकान की स्वीकृति करना होगा, जिसकी गारंटी पीएम ने चुनाव के दौरान दिया था।
लोकसभा चुनाव को देखते खेला आदिवासी कार्ड
बता दें कि भाजपा के दिग्गज नेता विष्णुदेव साय ने कुनकुरी से कांग्रेस प्रत्याशी यूडी मिंज को 25 हजार से ज्यादा वोटों से हराया है। विष्णुदेव साय तीन बार सांसद और दो बार विधायक रह चुके हैं। संगठन में भी उन्हें बड़ा पद मिल चुका है। वह दो बार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। मोदी मंत्रिमंडल में केंद्रीय एवं खान राज्यमंत्री भी रह चुके हैं। छत्तीसगढ़ में मिली ऐतिहासिक जीत में आदिवासी बहुल क्षेत्र सरगुजा और बस्तर संभाग में पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। सरगुजा की सभी 14 सीटें और बस्तर संभाग की 12 में से 8 सीटों पर भाजपा को जीत मिली है। ऐसे में लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने आदिवासी कार्ड खेला है।