नारायणपुर. बीजापुर. सुकमा. न्यूजअप इंडिया.कॉम
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन में फोर्स को बीजापुर, नारायणपुर और सुकमा में बड़ी सफलता मिली है। नारायणपुर के अबूझमाड़ में सक्रिय नक्सलियों के टेक्निकल टीम के कमांडर सहित 8 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया। इन नक्सलियों पर 33 लाख रुपये का इनाम भी घोषित था। वहीं सुकमा जिले में पुलिस के सामने 5 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। सभी नक्सली जगरगुंडा और चिंतलनार इलाके में सक्रिय रहे हैं। वहीं बीजापुर जिले में 1 करोड़ 15 लाख रुपये के 23 इनामी सहित कुल 25 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। इस तरह कुल 38 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ मुख्य धारा में लौटे हैं।
बता दें कि छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद को खत्म करने की डेडलाइन मार्च-2026 तय की गई है। बस्तर को नक्सल मुक्त कराने के सरकार के एलान को धरातल में कामयाब करने सुरक्षा बल मॉनसून ऑपरेशन चला रही हैं। घने जंगलों में फोर्स की आमद होने से नदी नालों को सुरक्षा कवच मानकर रहने वाले नक्सलियों में भय का वातावरण बन गया हैं। लगातार एनकाउंटर में कई हार्डकोर नक्सली मारे जा चुके हैं। माओवादी संगठन में दहशत भी है, जिसके चलते सरेंडर हो रहे हैं।
चार पुरुष और चार महिला का सरेंडरः SP
नारायणपुर एसपी रॉबिंसन गुड़िया ने कहा कि नारायणपुर में 33 लाख के इनामी 8 हार्डकोर माओवादियों ने सरेंडर किया है। मुख्य रूप से PLGA बटालियन के प्लाटून 1 और प्लाटून 16 के पांच माओवादी हैं। एक ब्यूरो TD जो मुख्य रूप से हथियार बनाती है उसका कमांडर है। उसके साथ कई माओवादियों ने सरेंडर किया है। आज चार पुरुष और चार महिला ने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौट आए हैं। इन नक्सलियों पर 33 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
माओवादियों का शीर्ष कैडर टूट रहाः जितेंद्र
बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने कहा कि माओवादियों का शीर्ष कैडर टूट रहा है। SZCM ने आत्मसमर्पण किया है। 25 लाख के ईनामी SZCM के साथ कुल 1 करोड़ 15 लाख के इनामी 25 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। आत्मसमर्पण करने वालों में SZCM-01, DVCM-02, कंपनी PPCM-02, बटालियन और कंपनी पार्टी सदस्य -03, ACM-8, एरिया कमेटी पार्टी सदस्य-02, LOS सदस्य -04, जनताना सरकार अध्यक्ष-01, मिलिशिया कंपनी सदस्य-1 और जनताना सरकार उपाध्यक्ष-1 शामिल है। सभी नक्सलियों पर कुल 1 करोड़ 15 लाख रुपये का इनाम घोषित है।
सुरक्षाबलों के दृढ़ संकल्प का परिणामः IG
बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि पूरे बस्तर संभाग में प्रतिबंधित और अवैध माओवादी संगठन CPI (Maoist) के विरुद्ध एक सशक्त अभियान जारी है। वर्ष 2025 के शुरुआती छह महीनों में ही 204 माओवादी विभिन्न मुठभेड़ों में मारे गए हैं। वहीं 140 नक्सलियों ने सरेंडर किया हैं। बस्तर पुलिस इस अभियान की गति को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। मानसून जैसी विषम परिस्थिति में भी यह सफलता सुरक्षा बलों के दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। बस्तर में स्थायी शांति, प्रगति और समृद्धि सुनिश्चित की जा रही है। फोर्स के दबाव से माओवादी संगठन में दहशत है।