रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने गोठानों के नाम पर 1300 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बिहार के चारा घोटाले की तर्ज पर ही छत्तीसगढ़ में हुए गोठान घोटाला की जांच सीबीआई से कराई जाए। गोमाता के नाम पर कांग्रेस की प्रदेश सरकार ने बिहार के चारा घोटाले से बड़ा घोटाला किया है। प्रदेश सरकार के इन तथाकथित गोठनों में न गाय है और न ही गोबर। गायों के नाम पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है।
राजधानी रायपुर के एकात्म परिसर भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की प्रदेश सरकार ने सब्जबाग दिखाए, लेकिन न तो गोठानों में गायों के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए और न ही गोबर से निर्मित खाद का कहीं अता पता है। अरुण साव ने कहा कि हाल ही में 269 करोड़ रुपये के गोबर घोटाले का खुलासा हुआ है। प्रदेश सरकार इस आरोप का जवाब तक विधानसभा में नहीं दे पाई।
गंगाजल और गोमाता तक को नहीं छोड़ा
अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस ने गंगाजल को हाथ में लेकर कसम खाई थी, लेकिन प्रदेश सरकार ने न गंगा माता को छोड़ा और न गोमाता को छोड़ा। प्रदेश के 3,948 गोठानों तक पहुंचकर भाजपा द्वारा ‘पोल खोल अभियान’ चलाया गया। प्रदेश के सभी गोठानों में कहीं भी गाय नहीं है। बदइंतजामी का आलम है। अक्टूबर 2022 में सिर्फ 3 गोठानों में 150 गायों ने भूख, प्यास से दम तोड़ दिया। मुख्यमंत्री के क्षेत्र में गायों की हत्या हो रही है और गृह मंत्री के क्षेत्र में गो माता की चोरी हो रही है। भाजपा महामंत्री ओपी चौधरी ने पॉवर प्रजेंटेशन के माध्यम से गोठान घोटाले को बताया।
झूठ परोस रहे साव, घोटाला का आरोप झूठा
भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस संचार अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव झूठ परोस रहे हैं। गोठान के नाम पर 1300 करोड़ के घोटाला का आरोप झूठा है। गोठान निर्माण में एक रुपया का भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। केंद्र और भाजपा शासित राज्य की सरकारों और नीति आयोग ने गोठान योजना की तारीफ की है। कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार के विकास मॉडल की चर्चा पूरे देश में है। शुक्ला ने कहा कि डॉ. रमन सिंह की सरकार में 1677 करोड़ का गौशाला घोटाला, 1500 करोड़ चारा घोटाला हुआ। 1000 एकड़ सरकारी जमीन गोशाला के नाम पर हड़प ली गई। अरुण साव अगर जांच चाहते हैं तो केंद्र सरकार से मांग कर सीबीआई जांच करा लें।