25.1 C
Raipur
Saturday, July 27, 2024

भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक 10 को आएंगे छत्तीसगढ़, विधायक दल की बैठक में तय करेंगे मुख्यमंत्री का नाम, पढ़िये पूरी डिटेल

रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद नए मुख्यमंत्री को लेकर उत्सुकता बढ़ती जा रही है। नई सरकार का गठन और मुख्यमंत्री चयन के लिए भाजपा ने केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए हैं। ऐसी सूचना है कि रविवार 10 दिसंबर को पर्यवेक्षक रायपुर पहुंचेंगे और सोमवार 11 दिसंबर को बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी। भाजपा संसदीय बोर्ड द्वारा तय केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में विधायक दल के नेता का चयन किया जाएगा। बीजेपी विधायकों को बैठक में शामिल होने सूचना भेजी गई है। रायशुमारी के बाद मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 13 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, नितिन नबीन सहित पार्टी के कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की चर्चा है। बता दें कि मुख्यमंत्री चुनने भाजपा ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

मुख्यमंत्री फेस को लेकर इन नामों की चर्चा
भाजपा सूत्रों की मानें तो भविष्य की राजनीति को ध्यान में रखते हुए पार्टी किसी आदिवासी या ओबीसी समुदाय के नेता को मुख्यमंत्री बना सकती है। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय, ओबीसी नेता व प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व आईएएस ओपी चौधरी का नाम मुख्यमंत्री बनने की रेस में शामिल हैं। वहीं सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को लेकर है। हालांकि पार्टी गाइड लाइन से हटकर किसी भी नेता ने मुख्यमंत्री बनने का दावा नहीं किया। सभी हाईकमान और विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री तय होने की बात कह रहे हैं।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here