25.1 C
Raipur
Saturday, July 27, 2024

नामांकन के बहाने भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, कांग्रेस छोड़ BJP में शामिल हुए पूर्व सभापति अरोरा, केंद्रीय मंत्री रविशंकर ने भूपेश सरकार को लेकर कही यह बात

भिलाई. न्यूजअप इंडिया
दुर्ग जिले में नामांकन के बहाने भारतीय जनता पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन किया। इस मौके पर रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भूपेश सरकार पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया। वहीं कांग्रेस के साथ चार दशक के लंबे राजनीतिक सफर को विराम देकर भिलाई निगम के पूर्व सभापति राजेंद्र अरोरा ने आखिरकर भाजपा का दामन थाम लिया। दुर्ग सांसद विजय बघेल, पूर्व मंत्री व भिलाई भाजपा के प्रत्याशी प्रेम प्रकाश पाण्डेय, वैशाली नगर भाजपा प्रत्याशी रिकेश सेन की मौजूदगी में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने राजेंद्र अरोरा को भाजपा प्रवेश कराया।

राजेंद्र अरोरा ने कहा कि कांग्रेस में अब वरिष्ठजनों की पूछ परख नहीं है। उन्होंने भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव, महापौर नीरज पाल, भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर पर उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेस अब पहले वाली कांग्रेस नहीं रही। अब वहां वरिष्ठों को इज्जत सम्मान नहीं मिलता, इसलिए वे आज से भाजपा परिवार के सदस्य हो गए हैं। अब वे भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के लिए काम करेंगे। राजेंद्र अरोरा कांग्रेस का बड़ा चेहरा रहे हैं। यूथ कांग्रेस से लेकर भिलाई निगम के सभापति तक उनका राजनीतिक सफर रहा है।

नामांकन के बहाने भाजपा का शक्ति प्रदर्शन रैली
नामांकन रैली पश्चात 62- पाटन वि.स. प्रत्याशी विजय बघेल, 66 भिलाई नगर विधानसभा प्रत्याशी प्रेम प्रकाश पांडेय, दुर्ग ग्रामीण वि.स. प्रत्याशी ललित चंद्राकर, 64- दुर्ग शहर वि.स. प्रत्याशी गजेन्द्र यादव एवं 67- अहिवारा वि.स. प्रत्याशी डोमनलाल कोर्सेवाड़ा और 66 वैशाली नगर विधानसभा प्रत्याशी रिकेश सेन द्वारा नामांकन दाखिल किया गया। इस दौरान जिले की छह विधानसभाओं के समस्त कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारी भी उपस्थिति रहे।

प्रेमप्रकाश की नामांकन रैली में जय श्रीराम के नारे
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, पूर्व मंत्री तथा भाजपा के कद्दावर नेता प्रेम प्रकाश पाण्डेय की नामांकन रैली में जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंगल भवन छावनी से लेकर टाउनशिप तक जगह जगह लोगों की भीड़ देखी गई। नामांकन रैली में जयश्रीराम के नारे लगाते युवा का जोश भी नजर आया तो गूंजे धरती और आकाश… प्रेम प्रकाश… प्रेम प्रकाश का नारा भी सुनाई देता रहा। भाजपा नेता मिट्ठु अग्रवाल ने कहा कि वास्तव में इस नामांकन रैली ने एक बार फिर इतिहास रच दिया। भाजपा नेता मुन्ना पाण्डेय ने कहा कि जिस तरह से युवाओं का जोश, महिलाओं का अपार उत्साह तथा बुजुर्गों का सहयोग नामांकन रैली में नजर आया, वह अपने आप में अभूतपूर्व है।

बता दें कि शुक्रवार दोपहर भिलाई भाजपा के प्रत्याशी प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने मंगल बाजार छावनी से नामांकन रैली की शुरुआत की। वे छावनी, खुर्सीपार, केनाल रोड होते हुए ओवरब्रिज के रास्ते टाउनशिप में दाखिल हुए। जहां बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं उनका चौक चौराहे पर इंतजार करते नजर आए टाउनशिप से होते हुए रैली हुडको तथा जेल तिराहा दुर्ग से होते हुए गंज मंडी दुर्ग पहुंची। दुर्ग कलेक्टरेट में प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने अपना नामांकन दाखिल किया।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here