25.1 C
Raipur
Saturday, July 27, 2024

कांग्रेस CEC की बैठक में कर्नाटक, केरल सहित इन राज्यों के 40 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय, छत्तीसगढ़ से इन नामों की चर्चा

रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश के 11 प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। इधर कांग्रेस में अभी टिकट को लेकर मंथन और मंत्रणा का दौर जारी है। दिल्ली में गुरुवार को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में छत्तीसगढ़ की चार सीटों पर उम्मीदवार तय होने की बात सामने आ रही है। बैठक में केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और लक्षद्वीप की 40 सीटों पर नाम फाइनल कर लिए गए हैं।

बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य सहित संबंधित राज्यों के प्रभारी और वरिठ नेता शामिल हुए। बताया जा रहा है कि एआईसीसी जल्द ही उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेगी। इधर छत्तीसगढ़ के परिपेक्ष्य में राजनीतिक सूत्र बता रहे हैं कि राजनांदगांव लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल चुनाव लड़ेंगे। वहीं, जांजगीर-चांपा सीट से शिव डहरिया, कोरबा से ज्योत्सना महंत और दुर्ग से राजेंद्र साहू का नाम लगभग तय हो गया है।

राजनीतिक गलियारों में ऐसी चर्चा है कि भाजपा के प्रत्याशी घोषित होने के बाद कांग्रेस ने रणनीति में बदलाव किया है। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 7 सीटों को लेकर पेंच फंसा है। इन सभी सीटों पर बड़े नेता आपस में चर्चा कर नाम तय करेंगे। बस्तर सीट से चुनाव लड़ने को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज दुविधा की स्थिति में हैं। यहां से कवासी लखमा ने अपने बेटे के लिए टिकट की मांग कर दी है। पूर्व मंत्री कवासी लखमा कुछ दिनों पहले समर्थकों और कुछ विधायकों के साथ दिल्ली गए थे और उन्होंने अपने बेटे हरीश लखमा को बस्तर से टिकट देने की मांग राष्ट्रीय नेतृत्व के नेताओं से कर चुके हैं।

जीताऊ कैंडिडेट को टिकट दी जाएगी ​​​
सरगुजा में पूर्व मंत्री तुलेश्वर सिंह की बेटी शशि सिंह का नाम सबसे ऊपर है। हालांकि बड़े नेता विरोध कर रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायल पहले ही कह चुके हैं कि CEC से प्रत्याशियों के नामों पर निर्णय होगा। जो व्यक्ति चुनाव जीतने की स्थिति में है उसको पार्टी टिकट देगी। अंतिम निर्णय केंद्रीय चुनाव समिति लेगी। लोकसभा चुनाव के लिए हमारी टीम तैयार है और हम बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

राजनीतिक गलियारों में इन नामों की चर्चा
राजनीतिक गलियारों में ऐसी चर्चा है कि राजनांदगांव सीट से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व विधायक छन्नी साहू का नाम सामने आ रहा है। वहीं दुर्ग लोकसभा सीट से राजेंद्र साहू के चुनाव लड़ने की चर्चा है। महासमुंद लोकसभा सीट से पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू, जांजगीर-चांपा लोकसभा सीट से पूर्व मंत्री शिव डहरिया, कोरबा सीट से सांसद ज्योत्सना महंत शामिल हैं। बस्तर सीट से हरीश लखमा, दीपक बैज, लखेश्वर बघेल के नाम, रायपुर लोकसभा सीट से विकास उपाध्याय, बिलासपुर लोकसभा सीट से विष्णु यादव या देवेंद्र यादव, कांकेर लोकसभा सीट से बीरेश ठाकुर, नरेश ठाकुर, सरगुजा सीट से शशि सिंह और रायगढ़ लोकसभा सीट से लालजीत सिंह और चक्रधर सिदार के नाम की चर्चा है। राजनीति से जुड़े लोगों की मानें आचार संहिता लगने से पहले प्रत्याशियों की सूची जारी होने की चर्चा है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here