27.1 C
Raipur
Saturday, July 27, 2024

‘किसान एक दिन में 27 रुपये कमाता है और PM मोदी के उद्योगपति मित्र 1600 करोड़ कमा रहे’, प्रियंका बोलीं- 8-8 हजार करोड़ के हवाई जहाजों में ये लोग घूमते हैं

भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में प्रियंका गांधी ने कहा कि देश का किसान एक दिन में 27 रुपये कमा रहा है तो प्रधानमंत्री के उद्योगपति दोस्त 1600 करोड़ों कमा रहे हैं। यह बहुत बड़ी राजनीतिक साजिश है। महंगाई की वजह से सिलेंडर खाली पड़ा है, टोटी है पर पानी नहीं है, खंभे हैं पर बिजली नहीं हैं, रोजगार भी नहीं है। ये लोग धर्म और जाति की बातें करके आपको गुमराह करते हैं। आपका ध्यान भटकाते हैं। केंद्र की मोदी सरकार ने जी-20 कराया। कोई नहीं कहता यह बुरी चीज है। इससे देश का मान-सम्मान बढ़ता है। 27 हजार करोड़ रुपये खर्च हुए। यशोभूमि को बनाने में 20 हजार करोड़ रुपये इन्होंने खर्चे किए, 8-8 हजार करोड़ रुपये के दो-दो हवाई जहाजों में ये लोग घूमते हैं, लेकिन ये आपको जवाब नहीं दे पाते कि सड़कें टूटी क्यों है? यह आपको यह जवाब नहीं दे पाते कि रोजगार क्यों नहीं है। ये जवाब नहीं दे पाते कि महंगाई इतनी क्यों बढ़ी हुई है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी​ ने भिलाई के जयंती स्टेडियम में आयोजित महिला समृद्धि सम्मेलन में महंगाई, बेरोजगारी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार की सहायता नहीं करती। देश के सार्वजनिक उपक्रम उद्योगपतियों को दिए जा रहे हैं, जबकि प्रदेश सरकार आपके हित की रक्षा करती है। केंद्र की सरकार की अपेक्षा आपको छत्तीसगढ़ सरकार राहत दे रही है। महंगाई इतनी बढ़ गई है कि आप पर बोझ भारी हो गया है। घर पर आपत्ति आती है तो घबराहट होती है। महंगाई इतनी ज्यादा है तो सामान खरीदने के लिए पैसे नहीं बच रहे हैं। महंगाई में गरीब और मिडिल क्लास के लोग पीस रहे हैं। छत्तीसगढ़ की सरकार ने आपकी राहत और मदद के लिए बहुत काम किया है। आज छत्तीसगढ़ का किसान खुश है। खेती लाभ का जरिया बन गया है। पूरे देश में छत्तीसगढ़ इकलौता राज्य है, जहां खेती करने वाले किसान बढ़ रहे हैं। सबसे ज्यादा धान की कीमत छत्तीसगढ़ में मिल रही है। कोदो-कुटगी रागी को सरकार खरीद रही है। आज छत्तीसगढ़ का नाम देशभर में जाना जाता है।

‘उत्तर प्रदेश का किसान 12 में क्यों धान बेच रहा’
प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां आकर धान खरीदी का श्रेय लेते हैं। मैं पूछना चाहती हूं कि मोदीजी की सरकार छत्तीसगढ़ का धान खरीद रही है तो उत्तर प्रदेश का किसान 12 से 14 सौ रुपये में क्यों धान बेचते हैं। उत्तर प्रदेश में पूरी रात महिलाओं को खेतों की रखवाली करनी पड़ती है। छत्तीसगढ़ के गोठानों का जिक्र हम देशभर में करते हैं। सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ किया गया। यह सिर्फ छत्तीसगढ़ की किसान हितैषी सरकार ने किया है। केंद्र सरकार की नीतियों से बेरोजगारी, महंगाई बढ़ रही है।

भूपेश बघेल सरकार ने आपकी जेब में पैसा डाला
प्रियंका गांधी ने कहा कि देश में दो तरह की राजनीति चल रही है। छत्तीसगढ़ में पुराने वाली राजनीति की वसूलों पर सरकार चल रही है। केंद्र की सरकार ने गरीब और मिडिल क्लास को लूटा है। छत्तीसगढ़ की सरकार ने एक-एक पैसा आपकी जेब में डाला है। महिलाओं के लिए जितनी भी स्कीम चालू कि वह आपकी भावनाओं को समझकर किया है। महिलाएं परिवार और समाज की रीढ़ हैं। महिलाएं घर और बाहर में काम करके भी मुस्कुरातीं हो। परिवार और समाज के साथ बच्चों का भविष्य भी महिलाएं तय करती हैं। महिलाओं को सशक्त बनाने कई योजनाएं भूपेश बघेल सरकार लेकर आए हैं। महिलाओं के आज और कल को भूपेश सरकार मजबूत बना रही है।

एक हाथ में संस्कृति और दूसरे में तकनीक का ब्रमास्त्र
प्रियंका गांधी ने कहा भिलाई इस्पात संयंत्र को लेकर कहा कि आधुनिक भारत की नींव यहीं डली है। ये आपकी मेहनत, आपका जज्बा और आपकी पहचान की मिसाल है। देश की उद्यमशीलता और आत्मनिर्भरता के सपने का प्रतीक है। आज जो भिलाई है वो इस पूरे देश के लिए मिसाल है। पूरे देशभर से यहां लोग आते हैं। एकजुट होकर आप यहां रहते हैं। यहां महिलाओं की इस मीटिंग में खड़े होकर और भी गौरव महसूस कर रही हूं। मंच पर आने से पहले जब मैं यहां आई और एक-एक स्टाल देखा। मैंने आत्मनिर्भर महिलाएं देखी, उनमें आत्मविश्वास था। वे मुस्कुरा रही थीं कि सरकार ने उनके लिए कुछ किया। वे अपने पैरों पर खड़ी हुई हैं। कई बहनों से मैंने यह पूछा कि आप क्या कर रही थीं इससे पहले। सबने कहा कि अभी यह अवसर मिला है। कुछ लड़कियां थी जो गोबर की सामग्री बनाती हैं स्वसहायता समूहों से जुड़ी हैं। समूह से जुड़ने से कितनी अपनी तरक्की हो सकती है। यह सब सुनकर मुझे महसूस हुआ कि छत्तीसगढ़ महतारी के एक हाथ में संस्कृति का कलश है और दूसरे हाथ में विज्ञान और तकनीक का ब्रहास्त्र भी है।

धर्म, जाति और संप्रदाय की राजनीति करने वालों से पूछो?
प्रियंका गांधी ने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए कहा- मैं अपने पिताजी के साथ अमेठी के दौरे पर गई थी। वे खुद जीप चलाते गये। हम एक गांव में पहुंचे। एक गांव में हम उतरे, कुछ लोगों से बातचीत करने लगे। एक महिला उन्हें जोर-जोर से डांटने लगी। मुझे लगा कि मेरे पिता को कैसे डांट रही हैं। उसने कहा कि सड़क खराब है, तुमने क्या किया है। यह उस समय की राजनीति है कि प्रधानमंत्री को तक एहसास होता था कि जनता के प्रति उसकी जिम्मेदारी है। मैंने अपने पिता से कहा कि बुरा नहीं लगा। मेरे पिता ने कहा कि नहीं उसका कर्तव्य था और मेरा भी कर्तव्य है कि हम सब अपने-अपने काम करें। उसने मुझे याद दिलाया कि आप इस समस्या को समाधान करो।

भपेश बघेल और हाथ को मजबूत करने की अपील
प्रियंका ने कहा कि अभी चुनाव आने वाला है। सब नेता आपके सामने आकर वोट मांगेंगे। मैं आपसे जागरुकता मांग रही हूं। जागरूक बनो और देखों भूपेश सरकार ने आपके लिए क्या नहीं किया। जब सवाल उठाते हो, जागरूक बनते हो तो आपका ध्यान भटकता नहीं है। धर्म, जाति और संप्रदाय के नाम पर वोट मांगने वालों से पूछों आपने क्या किया? प्रिंयका गांधी ने विधानसभा चुनाव में भूपेश बघेल और पंजा छाप को मजबूत करने की अपील महिला समृद्धि सम्मेलन में की।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here