25.1 C
Raipur
Saturday, July 27, 2024

BJP के ‘महतारी वंदन योजना’ को कांग्रेस की ‘महालक्ष्मी नारी न्याय गारंटी योजना’ देगी चुनौती, कौन बनेगा 2024 का चैंपियन?

रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की तरह लोकसभा चुनाव में भी नारी शक्ति पर ज्यादा फोकस किया जा रहा है। भाजपा लोकसभा चुनाव में मोदी की गारंटी में से एक महतारी वंदन योजना को भुनाने की कोशिश में लगी है तो वहीं कांग्रेस भी भाजपा की रणनीति को अपनाते हुए महालक्ष्मी नारी न्याय गारंटी योजना के भरोसे चुनावी वैतरणी पार करना चाहती है। चुनावी सभाओं में महिलाओं को साधने स्टैंडी और पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं।

बता दें कि लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने महिलाओं को बड़ी सौगात देने की घोषणा की है। कांग्रेस ने महिलाओं के लिए महालक्ष्मी नारी न्याय गारंटी की घोषणा की है। केंद्र में सरकार बनने पर हर महिला के खाते में 1 लाख रुपये सालाना देने की बात कही गई है। योजना की जानकारी महिलाओं तक पहुंचाने कांग्रेस ने घर-घर जाकर फॉर्म भरवाने का निर्णय लिया है। इसकी शुरुआत रायपुर लोकसभा में शुक्रवार को की गई। इस योजना को लेकर कांग्रेस के रायपुर लोकसभा प्रत्याशी विकास उपाध्याय का कहना है कि यह योजना महिलाओं के विकास में बड़ी मददगार साबित होगी।

भाजपा की योजना में कई तरह के नियम
भाजपा ने भी विधानसभा चुनाव से पहले इसी तरह की योजना शुरू की थी, जिसका फॉर्म भी भरवाया था। विकास उपाध्याय का कहना है कि देश के कई राज्यों में जहां कांग्रेस या सहयोगियों की सरकार है, वहां यह योजना चल रही है और महिलाओं को लाभ भी मिल रहा है। भाजपा की योजनाओं में कई सारे नियम (क्राइटेरिया) लागू कर दिए थे, लेकिन हमारी योजना में कोई नियम नहीं होगा। सभी महिलाओं के खाते में पैसे भेजे जायेंगे।

भाजपा MLA राजेश मूणत ने कसा तंज
कांग्रेस की महालक्ष्मी नारी न्याय गारंटी योजना पर भाजपा विधायक राजेश मूणत ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने वाली नहीं है। ऐसे में इस गारंटी पर कैसे भरोसा किया जाए। कांग्रेस के नेताओं को खुद पर, अपने कार्यकर्ताओं पर भरोसा नहीं है तो जनता कैसे उन पर भरोसा कर ले। महिलाओं को पैसे देने की शुरुआत मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार ने की थी। उसके बाद इसे छत्तीसगढ़ में लागू किया गया। कांग्रेस की ऐसे वादों पर जनता नहीं आने वाली।

गृह लक्ष्मी योजना नाम से घोषणा पत्र
बता दें कि विधानसभा चुनाव में भाजपा की महतारी वंदन योजना की तर्ज पर कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में गृह लक्ष्मी योजना की घोषणा की थी। इसमें राशि 12000 के बजाए 15000 रुपये थी। लेकिन फर्क इतना था कि भाजपा अपनी योजना का फार्म महिलाओं से भरवाने में कामयाब रही थी और कांग्रेस पीछे रह गई। कांग्रेस इस योजना का अच्छे से प्रचार नहीं कर पाई थी। इस बार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने न सिर्फ एक लाख रुपये देने की घोषणा की है बल्कि योजना के फार्म भी भरवाने शुरू कर दिए हैं। ऐसे में अब देखना है कि कांग्रेस को इस नई महालक्ष्मी नारी न्याय योजना का कितना लाभ मिलता है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here