25.6 C
Raipur
Friday, October 18, 2024

3 भाइयों को पीट-पीटकर मार डाला, गणेश पंडाल में DJ पर डांस को लेकर दो पक्षों में चले लाठी-डंडे और चाकू, एक गंभीर, घटना से दहल गया गांव…

भिलाई. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक घटना घटी। दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस विवाद में तीन भाइयों की हत्या कर दी गई। घटना का कारण डीजे पर डांस के दौरान शुरू हुआ और देखते ही देखते भयावह हिंसा में बदल गया। एक युवक गंभीर रूप से घायल है। वह अस्पताल में भर्ती है। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के 16 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार और भी गिरफ्तारियां हो सकती है।

मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम नंदिनी खुंदनी में शनिवार की रात गणेश पंडाल में डीजे पर डांस को लेकर विवाद हो गया। दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई. जबकि दूसरे पक्ष से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी लगते ही SP जितेन्द्र शुक्ला मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रिण किया। इधर इस घटना के बाद ग्रामीण नंदिनी थाने का घेराव करने पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस विवाद की सूचना पर तुरंत मौक पर नहीं पहुंची। फिलहाल, नंदिनी थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दो गुटों के बीच हुआ विवाद
SP जितेन्द्र शुक्ला के मुताबिक नंदिनी खुंदनी में पुराना शीतला पारा और यादव मोहल्ला गुट के कुछ लोगों में विवाद हो गया। यह विवाद शुक्रवार को भगवान गणेश की मूर्ति स्थापना करने के दौरान म्यूजिक बजाने के दौरान शुरू हुआ था। हालांकि, उस दौरान विवाद को शांत कर लिया गया, लेकिन शनिवार को यादव मोहल्ले के राजेश यादव, करण यादव ने गणेश पंडाल के पास ही शीतला पारा के आकाश पटेल व अन्य युवक को बुलाया और शुक्रवार के विवाद को लेकर फिर झगड़ा शुरू कर दिया। आपसी विवाद को लेकर हुए झगड़े में राजेश यादव ने आकाश पटेल पर चाकू से हमला कर दिया। इसकी भनक जैसे ही शीतला पारा के लोगों को हुई तो लोग जमा हो गए और चाकू मारने वाले राजेश, करण और वासु की गन्नों से पिटाई कर दी। इस पिटाई में यादव पारा के राजेश यादव, करण और वासु की मौत हो गई, जबकि चाकू लगने से दूसरे पक्ष के आकाश पटेल की हालत खराब है।

घटना में शामिल 15 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस घटना में शामिल कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। धमधा एसडीओपी संजय पुंधीर ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे तक पटेल गुट की ओर से 8 और यादव गुट की ओर से 3 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका था। वहीं पुलिस ने अब तक कुल 15 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। मौके पर स्थिति नियंत्रण में है। मृतक राजेश और करण सगे भाई थे और उनके साथ उनका चचेरा भाई वासु यादव भी था। इधर इस घटना की आज दिनभर नंदिनी-अहिवारा सहित आसपास के गांवों में चर्चा होती रही।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here