रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। पहली लिस्ट में 30 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। चुनाव के पहले चरण की 19 सीटों के साथ अन्य 11 सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। जारी सूची के मुताबिक 6 नए चेहरों को मौका दिया गया है और 8 विधायकों की टिकट काटी गई। वहीं जगदलपुर सीट के लिए अभी नाम नहीं आया है, लेकिन सूत्र यहां भी नया चेहरा देने की बात कह रहे हैं। न्यूजअप इंडिया ने पहले ही बता दिया था कि पहले चरण की 20 विधानसभा सीटों के 8 विधायकों का टिकट कांग्रेस पार्टी काटने जा रही है। न्यूजअप इंडिया की खबर बिल्कुल सच साबित हुई है।
जारी सूची के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के खिलाफ कांग्रेस ने गिरीश देवांगन को मैदान में उतारा गया है। अहिवारा से विधायक व वर्तमान मंत्री गुरु रूद्र कुमार की सीट बदल दी गई है। अब वे नवागढ़ से चुनाव लड़ेंगे। दंतेवाड़ा से देवती कर्मा के बदले उनके पुत्र छबिंद्र कर्मा, पंडरिया से ममता चंद्राकर की जगह नीलकंठ चंद्रवंशी, डोंगरगढ़ से हर्षिता स्वामी बघेल, खुज्जी में छन्नी साहू की जगह भोला राम साहू, अंतागढ़ से रूप सिंह पोटाई की टिकट दी गई है। वहीं चित्रकोट से विधायक राजमन बेंजाम की जगह सांसद दीपक बैज को टिकट दी गई है। कांग्रेस की पहली सूची में सभी मंत्रियों को चुनावी मैदान में उतारा गया है। वहीं भारतीय जनता पार्टी की तर्ज पर कांग्रेस ने भी एक सांसद को चुनावी मैदान में उतार दिया है।
कांग्रेस की सूची जारी होने के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया X पर लिखा- ‘छत्तीसगढ़ महतारी का मिला आशीर्वाद, अब क्षेत्र की जनता भी देगी आशीर्वाद। विधानसभा चुनाव 2023 के लिए आज नवरात्रि के प्रथम दिन, शुभ अवसर पर प्रत्याशियों की सूची जारी हुई है। सभी प्रत्याशियों को ढेर सारी शुभकामनाएं। पाटन विधानसभा से पुनः मौक़ा देने के लिए नेतृत्व का आभार…। बता दें कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पाटन विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे। उनके खिलाफ उनके ही भतीजे सांसद विजय बघेल को भारतीय जनता पार्टी ने मैदान प्रत्याशी बनाया है। विजय बघेल अभी दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद हैं।
सीट और कांग्रेस के प्रत्याशी
- अंबिकापुर से टीएस सिंहदेव
- सीतापुर से अमरजीत भगत
- खरसिया – उमेश पटेल
- कोरबा – जय सिंह अग्रवाल
- सक्ती – डॉ. चरणदास महंत
- आरंग – डॉ. शिवकुमार डहरिया
- डौंडीलोहारा – अनिला भेंडिया
- पाटन – भूपेश बघेल
- दुर्ग ग्रामीण – ताम्रध्वज साहू
- साजा – रविंद्र चौबे
- नवागढ़ – गुरु रूद्र कुमार
- पंडरिया – नीलकंठ चंद्रवंशी
- कवर्धा – मोहम्मद अकबर
- खैरागढ़ – यशोदा वर्मा
- डोंगरगढ़ – हर्षिता स्वामी बघेल
- राजनांदगांव – गिरीश देवांगन
- डोंगरगांव – दलेश्वर साहू
- खुज्जी – भोलाराम साहू
- मोहला मानपुर- इंद्रशाह मंडावी
- अंतागढ़ – रूप सिंह पोटाई
- भानुप्रतापपुर – सावित्री मंडावी
- कांकेर – शंकर ध्रुवा
- केशकाल – संतराम नेताम
- कोंडागांव – मोहनलाल मरकाम
- नारायणपुर – चंदन कश्यप
- बस्तर – लखेश्वर बघेल,
- चित्रकोट – दीपक बैज (पीसीसी चीफ)
- दंतेवाड़ा – छविंद्र महेंद्र कर्मा
- बीजापुर – विक्रम मंडावी
- कोंटा – कवासी लखमा

यह भी पढ़ें