30.3 C
Raipur
Wednesday, April 22, 2026

CM विष्णुदेव साय को सौरव गांगुली ने भेंट किया बल्ला, कहा- मैं पहली बार छत्तीसगढ़ आया हूं, रायपुर का स्टेडियम बहुत अच्छा

रायपुर. न्यूजअप इंडिया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से बुधवार को भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान क्रिकेट और छत्तीसगढ़ के विभिन्न विषयों पर दोनों के बीच बातचीत हुई। गांगुली ने सीएम साय से क्रिकेट में रुचि के बारे में पूछा। मुख्यमंत्री ने बताया कि क्रिकेट में इतनी रुचि थी कि गांव में क्रिकेट खेलने लकड़ी से खुद बल्ला तैयार करते थे। हमारे यहां हाकी खेली जाती है। यहां पर पहाड़ी कोरवा जनजाति तीरंदाजी बहुत कौशल से करते हैं, इसलिए तीरंदाजी में भी खिलाड़ी खूब रुचि लेते हैं।

सौरभ गांगुली ने बताया कि वह पहली बार छत्तीसगढ़ आये हैं। यहां नवा रायपुर का स्टेडियम बहुत अच्छा है। मुझे बताया गया कि यहां अंतरराष्ट्रीय मैच हुए हैं और सचिन जैसे मशहूर खिलाड़ी भी यहां खेल चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से यह भी पूछा कि आपका कभी कोलकाता आना हुआ क्या। सीएम विष्णुदेव ने बताया कि केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में स्टील मंत्रालय देखने के दौरान कोलकाता काफी जाना होता था। गांगुली ने छत्तीसगढ़ के बारे में विस्तार से मुख्यमंत्री से पूछा। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ वनसंपदा से समृद्ध है। प्राकृतिक रूप से काफी खूबसूरत है। खनिज से भी समृद्ध हैं।

रायपुर में पीएम मोदी ने की थी बाघ की फोटोग्राफी
सौरभ गांगुली ने सीएम विष्णुदेव साय से पूछा, क्या बाघ की फोटोग्राफी मोदी जी ने यहीं किया था। क्या कान्हा राष्ट्रीय उद्यान भी छत्तीसगढ़ में है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कान्हा मध्य प्रदेश में है। हमने रायपुर में जंगल सफारी बनाया है। यहां प्रधानमंत्री मोदी भी आ चुके हैं। गांगुली ने कहा कि हां, बाघ की फोटो लेते हुए मोदी जी का एक फोटोग्राफ मैंने देखी थी। क्या ये यहीं का था। मुख्यमंत्री ने बताया कि हां ये यहीं का ही है।

छत्तीसगढ़ से 3000 क्विंटल सुगंधित चावल भेजा गया
मुख्यमंत्री साय ने गांगुली को बताया कि अयोध्या में नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भोग के लिए छत्तीसगढ़ से 3000 क्विंटल सुगंधित चावल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन ने अपनी रामलला दर्शन योजना के तहत राज्य के नागरिकों को निःशुल्क अयोध्या दर्शन कराने का भी फैसला लिया है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा, आपके ऑफ साइड शॉट रोमांचित करते थे। गांगुली से कहा कि जब आप क्रीज में होते थे तो हम सब बहुत रोमांचित रहते थे।

राजकीय पशु वन भैंसे की मूर्ति देकर किया स्वागत
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गांगुली का बेलमेटल से निर्मित राजकीय पशु वन भैंसे की मूर्ति और शॉल भेंट कर स्वागत किया। वहीं गांगुली ने मुख्यमंत्री को अपना हस्ताक्षर किया हुआ बल्ला भेंट किया। इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी, विधायक संपत अग्रवाल, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ पी. दयानंद भी उपस्थित रहे। विधायक संपत अग्रवाल ने मुख्यमंत्री और सौरभ गांगुली को इस मौके पर जगन्नाथ पुरी से लाया गया भगवान श्री जगन्नाथ का प्रसाद और छायाचित्र भेंट किया।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here