अंबिकापुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जनादेश मिला है। पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री कौन होगा इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। छत्तीसगढ़ के डिप्टी CM रह चुके टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री पद के लिए डॉ. रमन सिंह और रेणुका सिंह को अपनी पसंद बताया है। उन्होंने कहा कि, एक नागरिक के रूप में अगर मुझसे कोई पसंद पूछे तो इन दोनों का नाम लूंगा। वहीं अंतिम चुनाव वाले बयान पर उन्होंने कहा, मैं हारकर मैदान नहीं छोड़ूंगा। मैं अपना बयान वापस लेता हूं। उन्होंने कहा, ऐसी क्या कमी रही, जिसकी वजह से जनता ने स्वीकार नहीं किया। उन कमियों को दूर करूंगा, हमेशा जनता के लिए उपलब्ध रहूंगा और कांग्रेस पार्टी का आजीवन एक सेवक बनकर काम करूंगा।
अंबिकापुर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव ने मीडिया से चर्चा में कहा, मेरे काम में कुछ कमी रह गई, जिसकी वजह से जनादेश नहीं मिला। भविष्य में बेहतर का प्रयास रहेगा। छत्तीसगढ़ में भाजपा से अब कौन सीएम होगा। इस पर एक आम जनता और अपना व्यक्तिगत राय जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, रेणुका जी हमारे बीच की हैं, सरगुजा लोकसभा की हैं, काफी अनुभवी भी हैं। उन्हें भी मौका मिलेगा तो व्यक्तिगत रूप से खुशी होगी। सिंहदेव ने कहा, ट्रायबल से विष्णुदेव साय व रेणुका सिंह का नाम सुनने में आ रहा है। जो नाम चल रहे हैं, उनमें डॉ. रमन सिंह को लेकर यह चर्चा थी कि टिकट बंटवारे में उनकी राय चली। ऐसे में जीतकर आए हैं, तो उनका पक्ष भी मजबूत है। अरुण साव भी जीतकर आए हैं और RSS कैडर के माने जाते हैं। वे भी दावेदार हैं। खैर, यह भाजपा का मामला है।
महज 94 वोटों से हारे चुनाव बाबा
टीएस सिंहदेव ने कहा, चुनाव पूर्व मैंने कहा था कि यह मेरा अंतिम चुनाव होगा। ये बात तब के लिए थी, जब चुनाव जीत जाता और अगली पीढ़ी को सौंप देता, लेकिन अब चुनाव हारकर मैदान नहीं छोड़ूंगा। मैं अपना बयान वापस लेता हूं। उन्होंने जीत के लिए भाजपा को बधाई देते हुए कहा, जनमत का संपूर्ण आदर करते हुए उसे स्वीकार करते हैं। विधानसभा चुनाव में महज 94 मतों से सिंहदेव हारे हैं। उन्होंने फिर से चुनाव लड़ने की तैयारी करने की बात कही है।
अब पांच साल फिर प्रयास करूंगा
सिंहदेव ने कहा कि हारा हूं तो पांच साल पूरा प्रयास करूंगा। क्षेत्र में लोगों के लिए जो भी पहल कर सकता हूं, करता रहूंगा। मुझमें कहीं कोई कमी रह गई होगी, जिस कारण लोगों ने मुझे इस चुनाव में नहीं अपनाया। आने वाले समय में उन कमियों को दूर करने हर संभव प्रयास करता रहूंगा। सरगुजा संभाग की सभी 14 सीटों पर कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। अंबिकापुर सीट से खुद सिंहदेव को हार झेलनी पड़ी। उन्हें बीजेपी के राजेश अग्रवाल ने हरा दिया।
महतारी वंदन योजना बड़ा फैक्टर रहा
टीएस सिंहदेव ने कहा, इस चुनाव में कांग्रेस का वोट शेयर घटा नहीं है, लेकिन भाजपा का वोट शेयर 14 प्रतिशत बढ़ गया है। यह पिछले 12, 15 चुनाव में मैंने नहीं देखा। इतना ज्यादा अंतर। कांग्रेस सरकार ने बहुत अच्छा काम किया। कुछ गलत नहीं किया, लेकिन भाजपा हमसे अच्छा प्रदर्शन कर गई। हमें पब्लिक ने स्थिर रखा। भाजपा 32 से 46 प्रतिशत पर पहुंच गई। जहां कम अंतर से हार हुई है, वहां भाजपा की महतारी वंदन योजना बड़ा फैक्टर रहा है।