रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कैबिनेट में बदलाव हुआ है। मंत्री केदार कश्यप को अब नई जिम्मेदारी दी गई है। इसे लेकर आधी रात एक आदेश भी जारी हुआ। केदार कश्यप को संसदीय कार्य मंत्री का प्रभार सौंपा गया है। राज्यपाल के अनुमोदन के बाद मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने इस संबंध में गुरुवार की देर रात अधिसूचना जारी की है। केदार से पहले बृजमोहन अग्रवाल संसदीय कार्य मंत्री थे, जिन्होंने रायपुर लोकसभा सीट से सांसद बनने के पद मंत्री पद से इस्तीफा दिया था।
इधर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केदार कश्यप को नई जिम्मेदारी मिलने पर सोशल मीडिया X पर उन्हें बधाई दी। सीएम ने लिखा- ‘मंत्रिमंडल के मेरे साथी केदार कश्यप को वन एवं जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, कौशल विकास एवं सहकारिता के वर्तमान दायित्वों के साथ संसदीय कार्य विभाग का प्रभार मिलने पर बहुत-बहुत बधाई। सफल कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।’ साय सरकार ने 22 जुलाई से शुरू हो रहे मानसून सत्र को देखते हुए यह निर्णय लिया है।

कौन है केदार कश्यप यह भी जानिए
केदार कश्यप आदिवासी नेता स्व. बलीराम कश्यप के बेटे हैं, जो बस्तर के कद्दावर आदिवासी नेता और सांसद भी रह चुके हैं। केदार कश्यप ने साल 2000 से राजनीतिक करियर शुरू किया। साल 2003 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बने। 2008 में दूसरी बार और 2013 में तीसरी बार विधायक बने। साल 2018 के विधानसभा चुनाव में केदार कश्यप को हार मिली, लेकिन छत्तीसगढ़ चुनाव 2023 में नारायणपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर केदार कश्यप फिर से विधायक बने। साय कैबिनेट में इन्हें वन एवं जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन मंत्री बनाया गया है।