24.7 C
Raipur
Thursday, July 25, 2024

‘छत्तीसगढ़ में किसानों के घर हो रही धन वर्षा’, CM मोहन यादव बोले- मोदी की एक और गारंटी हो गई पूरी

राजनांदगांव. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ में ऐसा लग रहा है मानों धन की बरसात हो रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक और गारंटी आज पूरी हो गई। किसानों को आदान सहायता देने में छत्तीसगढ़ में जो कार्य हुआ है वह किसी अन्य राज्य में नहीं किया गया है। छत्तीसगढ़ के किसानों के साथ सरकार खड़ी है। उक्त बातें राजनांदगांव जिले में कृषक उन्नति योजना के तहत आदान सहायता राशि वितरण और किसान मेला में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कही।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजनांदगांव से वर्चुअल रूप से कृषक उन्नति योजना से जुड़कर बालोद में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक दिन है। कृषक उन्नति योजना अंतर्गत किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के अंतर की राशि का भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस योजना से किसानों के जीवन में परिवर्तन आयेगा।

राजनादंगांव सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि राज्य सरकार ने अपना वादा निभाते हुए महतारी वंदन योजना लागू की है, जिससे महिलाओं को सम्मान मिला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किसानों को सम्मान देने के लिए किसान सम्मान निधि योजना शुरू की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के अंतर की राशि किसानों के खाते में आज ट्रांसफर की गई है। प्रदेश के किसान आज खुशहाल हो रहे हैं।

24 लाख 72 हजार किसानों को भुगतान
बता दें कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बालोद में कृषक उन्नति योजना का शुभारंभ कर खरीफ वर्ष 2023-24 में राज्य के लगभग 24 लाख 72 हजार किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के अंतर की राशि 13,320 करोड़ रूपये का भुगतान किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर करके किया। योजना के तहत राज्य के किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के प्रति क्विंटल 917 रुपये के मान से अंतर की राशि किसानों के बैंक खाते में अंतरित की गई।

राजनांदगांव जिले के किसानों को 638 करोड़
कृषक उन्नति योजना अंतर्गत 12 मार्च 2024 को राजनांदगांव जिले के 1 लाख 23 हजार 131 किसानों को उपार्जित धान के अंतर की राशि 638 करोड़ 23 लाख 84 हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर की गई। कार्यक्रम में विधायक राजेश मूणत, जिला पंचायत अध्यक्ष गीता साहू, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, पूर्व विधायक विनोद खाण्डेकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, किसान और राजनांदगांव जिले के नागरिक उपस्थित रहे।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here