26.1 C
Raipur
Sunday, September 8, 2024

उज्जैन महाकाल के दरबार में कमलनाथ की अर्जी, MP में 50% कमीशन की सरकार से मुक्ति दिलाओ भगवान

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने सोमवार को उज्जैन के महाकाल में अर्जी लगाई। उन्होंने मध्य प्रदेश में सरकार बनते ही पहली कैबिनेट की बैठक महाकाल लोक करने की बात कही। भगवान भोलेनाथ के चरणों में अर्जी रखते हुए भारतीय जनता पार्टी की सरकार से प्रदेश के लोगों को मुक्ति दिलाने की गुहार भी लगाई। मीडिया से बात करते हुए कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर जमकर निशाना साधा और कई गंभीर आरोप भी लगाए।

पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि मैंने आज महाकाल के दरबार में अर्जी लगाई है। भ्रष्ट सरकार की जननी BJP पार्टी से महाकाल प्रदेश को मुक्त करे। महाकाल के आशीर्वाद से 50% कमीशन की सरकार का अंत हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोग भ्रष्टाचार के शिकार हो रहे हैं। ऊपर से लेकर नीचे तक भ्रष्टाचार की व्यवस्था बनी हुई है। भगवान महाकाल तक को इन्होंने नहीं छोड़ा है। हर चीज में 50 प्रतिशत कमीशन की सरकार है। यह मैं नहीं जनता खुद कह रही है।

सरकार से नौजवान, किसान, व्यापारी परेशान
कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट की बैठक महाकाल लोक में होगी। भगवान महाकाल से आशीर्वाद लेकर सरकार आगे का काम करेगी। उन्होंने कहा कि आज सबसे बड़ी चुनौती युवाओं की है। मध्यप्रदेश के भविष्य का निर्माण युवाओं के हाथों में हैं और उनका ही भविष्य अंधेरे में है। ऐसे में शिवराज सरकार प्रदेश का कैसे विकास करेगी। भटकता नौजवान, पीड़ित किसान, दुखी छोटा व्यापारी यह आज के हालत हैं। शिवराज गुमराह कर रहे हैं। 18 साल बाद उन्हें बहनें याद आ रहीं हैं, समुदाय याद आ रहा है, किसान याद आ रहे हैं।

3 लाख 30 करोड़ रुपये से किसको फायदा हुआ
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि हम 2018 के नहीं बल्कि 2023 के मॉडल है। उन्होंने कहा कि मेरे राजनीति जीवन मे कोई मुझ पर उंगली नहीं उठा सकता। आखरी चार माह में कमलनाथ भ्रष्ट हो गए, क्योंकि इनके पास बोलने को कुछ नहीं है। 40 हजार करोड़ के अगले दो माह में टेंडर निकलेंगे। 3 लाख 30 करोड़ रुपये कर्ज लिया, इस कर्ज से किसको फायदा हुआ। कमलनाथ ने मीडिया से ही आग्रह किया कि आप मध्य प्रदेश के भ्रष्टाचार की जांच कीजिये।

मेरे महाकाल दर्शन से इनके पेट में दर्द क्यों?
पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि चुनाव आ रहे इसलिए कर दो घोषणा…। बीते 5 से 7 माह में बड़े-बड़े ठेके इन्होंने दिए ताकि बड़ा कमीशन मिल सके। शिवराज सिंह सरकार की घोषणा और झूठ की मशीन डबल स्पीड से चल रही है। भाजपा के बयान पर पलटवार करते हुए कमलनाथ ने कहा कि 15 साल पहले मैंने हनुमान मंदिर बनवाया था। मेरे दर्शन करने से उनके पेट में दर्द क्यों? मैं मंदिर जाऊ पूजा करू उन्हें तकलीफ क्यों। धर्म पर कॉपीराइट है क्या?

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here