रायपुर। मानव धर्म के प्रणेता सदगुरुदेव सतपाल जी महाराज के असीम कृपा से मानव उत्थान सेवा समिति जिला रायपुर द्वारा गुरु पूजा के पावन अवसर पर दो दिवसीय सद्भावना सत्संग समारोह एवं गुरु पूजा महोत्सव का आयोजन साहू कॉम्पलेक्स टिकरापारा रायपुर (भामाशाह छात्रावास) में हर्षोल्लास के साथ महात्मा वैद्यनाथानंद जी, महात्मा दीप्ति बाई जी, महात्मा धारानंद जी एवं महात्मा विलक्षणा बाई जी के सानिध्य में मनाया गया। सभी संत महात्माओं ने अपने सारगर्भित सत्संग प्रवचनों के माध्यम से गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरु के महत्व पर प्रकाश डाला।
महात्मा दीप्ति बाई जी ने अपने सत्संग विचार में बताया कि गुरुर ब्रह्मा… गुरुर विष्णु… गुरुर देवो महेश्वरा…। गुरुर साक्षात परम ब्रह्म तस्मै श्री गुरुवे नमः।। एक शिष्य के जीवन में गुरु का स्थान ब्रह्मा, विष्णु एवं महेश से भी ऊंचा होता है। सद्गुरु के द्वारा ही एक शिष्य को आध्यात्मिक (आत्मज्ञान) ज्ञान का क्रियात्मक बोध कराकर शिष्य की आत्मा का मिलन परमात्मा से कराया जाता है। अर्थात गुरु दीक्षा देकर उसे परमपिता परमात्मा के सच्चे स्वरूप का दिग्दर्शन कराया जाता है। एक शिष्य को सदैव अपने गुरु की आज्ञा में रहकर अपना जीवन निर्वाह करना चाहिए।

गुरु की आज्ञा आवहीं गुरु के आज्ञा जाए।। कहे कबीर ता दास को तीन लोक भय नाय।। यदि शिष्य अपने गुरु की आज्ञा में रहता है और अपने आप को मन, वचन, कर्म से उनके चरणों में समर्पित कर देता है, तो उसका जीवन सिर्फ इस लोक में ही नहीं, तीनों लोकों में भी निर्विघ्न रहता है। गुरु कृपा से ही अध्यात्म मार्ग में अग्रसर होकर एक शिष्य निरंतर ध्यान साधना द्वारा अपने परम लक्ष्य को प्राप्त कर मोक्ष का भी अधिकारी हो जाता है। गुरु पूजा पर्व में रायपुर, धमतरी बलौदाबाजार, महासमुंद आदि कई जिलों से भक्तों का विशाल जन समूह कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ सुमधुर भजनों की प्रस्तुति से हुआ। आरती के बाद प्रसाद एवं भोजन-भंडारा हुआ। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. पीएल तारक, अनीश, अनिल, योगेंद्र, यशवंत, आशुतोष, अशोक, आदि कार्यकर्ताओं के साथ मानव सेवा दल के गणेश, येमलाल, विजयलक्ष्मी, सीमा, धनेश्वरी, सरिता, मनीषा, ज्योति, नंदलाल, टिकेश, चेतन, बलराम, हुलास, प्रभु राम, खोमेंद्र और यूथ विंग के सृष्टि, पूर्वा, वेदांत, कुमुद, सुजाता, नीरज, चंद्रकांत आदि ने विशेष सहयोग प्रदान किया। उक्त जानकारी सत्य प्रकाश मीडिया प्रभारी मानव उत्थान सेवा समिति रायपुर द्वारा दी गई।