26.1 C
Raipur
Saturday, July 27, 2024

छत्तीसगढ़ पहुंची राहुल गांधी की न्याय यात्रा, कहा- कांग्रेस नहीं छोड़ेगी जातीय गणना का मुद्दा, PM मोदी को लेकर क्या बोले देखिए Video

रायपुर. न्यूजअप इंडिया
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 8 फरवरी को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ पहुंची। उन्होंने कहा कि एक साल पहले हमने कश्मीर से कन्याकुमारी तक यात्रा शुरू की। कई लोग इसके खिलाफ उतरे। हमारी पहली यात्रा से नारा निकला था ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान’…। अब दूसरी यात्रा में हमने इसमें न्याय शब्द जोड़ दिया, क्योंकि हमने देखा कि देश में अन्याय हो रहा है। देश में अन्याय का नफरत और हिंसा से लिंक है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जाति जनगणना को लेकर सियासी तंज भी कसा।

राहुल गांधी ने कहा कि मुझसे ओडिशा में मीडिया के साथियों ने पूछा कि आप पिछड़ों के हक की बात करते हैं, क्या इससे नफरत नहीं बढ़ेगी। तब मैंने कहा कि आप बताइए नेशनल मीडिया में कितने दलित, आदिवासी, पिछड़े हैं। मीडिया हाउस के कितने मालिक दलित, आदिवासी, पिछड़े हैं। सरकार ने पिछड़े वर्ग का डाटा सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन बताया जाता है कि 50 से 60 प्रतिशत पिछड़े हैं। 73% जनता की आवाज न मीडिया, न हॉस्पिटल, न स्कूल, न यूनिवर्सिटी में है फिर हिंदुस्तान कैसे चलेगा। 73% लोगों को भूखा रखकर, उनका हक मारकर देश कैसे आगे बढ़ेगा।

‘जातीय गणना को हम नहीं छोड़ेंगे’
राहुल गांधी ने कहा देश में 90 ब्यूरोक्रेट्स में कितने ओबीसी हैं। देश में केवल दो जात अमीर-गरीब नहीं हैं। यहां अलग-अलग जाति हैं, इसलिए सरकार को जातीय जनगणना करनी पड़ेगी। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को नहीं छोड़ेगी। ये सामाजिक न्याय की बात है। छत्तीसगढ़ आने से पहले राहुल गांधी ने ओडिशा में कहा कि बेरोजगारी की बीमारी देशभर में फैल रही है और हर प्रदेश इस बीमारी से बुरी तरह पीड़ित है। ओडिशा के आंकड़े देखिए 40% युवा पढ़ाई और कमाई से दूर हैं। 1 लाख से अधिक सरकारी पद खाली हैं और लाखों युवा नौकरी की तलाश भटक रहे हैं।

PM मोदी और BJP पर राहुल का तंज’
न्याय यात्रा और राहुल गांधी के स्वागत करने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट, पीसीसी चीफ दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू सहित कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता और कार्यकर्ता रेंगालपाली में मौजूद रहे हैं। यहां राहुल गांधी ने एक बड़ी आमसभा को संबोधित किया है। जहां उन्होंने भारत जोड़ो न्याय यात्रा का उद्देश्य बताया है। साथ ही राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर तंज कसा है।

‘इस रूट से उत्तर प्रदेश जाएगी यात्रा’
छत्तीसगढ़ में सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पहुंच‌ गई है। ओडिशा के झारसुगुडा से होती हुई यह न्याय यात्रा छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के रेंगालपाली पहुंची। छत्तीसगढ़ के बॉर्डर पर ओडिशा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शरत पटनायक ने छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को भारत जोड़ो न्याय यात्रा का झंडा देते हुए छत्तीसगढ़ में इसका आगाज कर दिया है। अब यह यात्रा रायगढ़ में 2 दिन विराम के बाद अगले पांच दिनों तक छत्तीसगढ़ में रहेगी। यह न्याय यात्रा रायगढ़ से सक्ती के रास्ते अंबिकापुर और अंत में बलरामपुर होते हुए उत्तर प्रदेश की तरफ आगे बढ़ जाएगी।

‘भूपेश बघेल ने किया यात्रा का स्वागत’
राहुल गांधी के भारत जोड़ो न्याय यात्रा के छत्तीसगढ़ में प्रवेश पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- ‘नफरत और असमानता के विरुद्ध, जारी है न्याय का महायुद्ध। आज जननेता राहुल गांधी के नेतृत्व में देश में चल रही “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” के छत्तीसगढ़ प्रवेश पर जननायक का स्वागत किया। देश में बढ़ रही आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक असमानता के खिलाफ हम पूरी ताकत से लड़ेंगे। न्याय का हक़ मिलने तक… जारी है #BharatJodoNyayYatra’

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here