24.1 C
Raipur
Friday, October 18, 2024

‘क्या बात है! विष्णुदेव साय जी आपका “सुशासन” तो गाड़ियों में नोट बनकर छलक रहा है!’, भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर क्यों लिखा ऐसा… और CM साय ने क्या दिया जवाब…

रायपुर. न्यूजअप इंडिया
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के भानुप्रतापपुर मंडल अध्यक्ष आकाश सोलंकी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वह नोटों की गड्डियों के साथ कार से सफर करते नजर आ रहा है। इस वीडियो पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की टिप्पणी ने प्रदेश की राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। भाजपा-कांग्रेस के नेताओं में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। मामले के तूल पकड़ने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि नोटों के बंडल वाले वीडियो का वेरीफाई कर रहे हैं। आज कल फेक वीडियो भी बहुत चल रहा है। भाजपा नेताओं और प्रदेश सरकार को बदनाम करने की साजिश चल रही है।

बता दें कि मंगलवार को कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष आकाश सोलंकी का नोटों के गड्डियों के साथ कार में सफर करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। आकाश सोलंकी भाजयुमो जिलाध्यक्ष राजा पांडे का करीबी माना जाता है। आकाश सोलंकी के इस वीडियो के वायरल होते ही प्रदेश में सियासत भी शुरू हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विष्णुदेव साय सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया X पर लिखा- ‘क्या बात है! विष्णुदेव साय जी आपका “सुशासन” तो गाड़ियों में नोट बनकर छलक रहा है! पहचाना इन्हें जो नोट की गड्डियों के साथ मूछों में ताव दे रहे हैं? लीजिए, आसान कर देता हूं, ये भानुप्रतापपुर भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष आकाश सोलंकी हैं। सुना है बेरोजगार हैं, सामान्य परिवार से आते हैं। अब ये बताइए कि ‘सुशासन’ में इसकी जांच होगी या वॉशिंग मशीन वाला फॉर्मूला लगेगा?’

छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भी किया पोस्ट
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपने X अकाउंट पर लिखा- ‘भानुप्रतापपुर युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष आकाश सोलंकी, जो कि कुछ ही महीने पहले बेरोजगार था। वह 70 से 80 लाख रुपये नकद का खुलेआम दिखावा कर रहा है। छोटे से भाजपा कार्यकर्ता के इस दौलत से अंदाजा लगाया जा सकता है कि इनके बड़े नेता क्या गुल खिला रहे होंगे। क्या भाजपा सरकार की पुलिस, ED, IT कोई कार्रवाई करेगी या फिर सिर्फ निर्दोष कांग्रेसियों को सताया जाएगा???’ इधर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर संदीप पटेल ने बताया कि इस वायरल वीडियो के मामले में अभी तक पुलिस में कोई शिकायत नहीं की गई है और न ही राज्य शासन से इस मामले में कोई दिशा निर्देश आया है। यदि कोई दिशा-निर्देश आएंगे तो इस पर जांच की जाएगी।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here