26.1 C
Raipur
Sunday, September 8, 2024

BJP केंद्रीय चुनाव समिति की बैठकः छत्तीसगढ़ के 69 प्रत्याशी तय, MP-राजस्थान के उम्मीदवारों पर भी फैसला, कुछ सांसदों को मौका-कुछ MLA की छुट्टी

रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने 21 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की थी। अब दूसरी दूसरी लिस्ट का इंतजार हैं। रविवार को दिल्ली में भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल हुए। बैठक में शामिल होने छत्तीसगढ़ से प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह सहित कई नेता दिल्ली गए हैं। छत्तीसगढ़ के साथ मध्य प्रदेश और राजस्थान के नेताओं को भी केंद्रीय नेतृत्व ने दिल्ली बुलाया है। बैठक रात 12 बजे तक चली। एक दो दिनों में अब प्रत्याशियों के नामों की घोषणा हो जाएगी।

केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ राजस्थान और मध्य प्रदेश में टिकट को लेकर चर्चा हुई है। छत्तीसगढ़ में 21 सीटों पर प्रत्याशी का ऐलान बीजेपी कर चुकी है। वहीं 69 सीटों पर प्रत्याशी का ऐलान किया जाना है। आज या कल में यह सूची जारी की जाएगी। वहीं मध्य प्रदेश में बीजेपी 79 सीटों पर भाजपा प्रत्याशी उतार चुकी है। राजस्थान में भाजपा ने अभी तक एक भी प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। राजस्थान में विधानसभा की 200 सीट है। छत्तीसगढ़ से संबंधित बैठक में प्रत्याशी चयन के अलावा किस अंदाज में चुनाव लड़ना है, किन मामलों पर फोकस करना, किस जाति-वर्ग पर अधिक फोकस करना है, घोषणापत्र में किन मुद्दों को प्रमुखता से लाया जाएगा। इस तरह की तमाम बातों पर केंद्रीय नेतृत्व ने राज्य के नेताओं के साथ मंत्रणा की है। वहीं सूत्रों के हवाले से खबर है कि मध्य प्रदेश की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी 5 से 6 सांसदों को प्रत्याशी बनाया जाएगा।

राजस्थान में 35 विधायकों की कटेगी टिकट!
विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा ने राजस्थान को 7 क्षेत्रों में बांटा है। इसकी जिम्मेदारी भी अलग-अलग राज्यों के नेताओं को सौंपी गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक हर जोन में एक प्रभारी होगा। जोन के निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति को मजबूत करने के लिए बाकी नेता जिम्मेदार होंगे। ये नेता जोन प्रभारियों को अपडेट करते रहेंगे और पार्टी मुख्यालय को जमीनी हालात बताते रहेंगे। सूत्र बता रहे हैं कि राजस्थान में भाजपा 35 से 40 मौजूदा विधायकों की टिकट काटने जा रही है। सर्वे में इन विधायकों की रिपोर्ट कमजोर मिली है। सत्ता पाने भाजपा यहां बड़ी रणनीति पर काम कर रही है। कुछ सांसदों को भी टिकट देने की चर्चा है।

मध्य प्रदेश में 79 प्रत्याशी के नाम की घोषणा
भाजपा ने 17 अगस्त को मध्य प्रदेश के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जिसमें 39 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। 25 सितंबर को मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए 39 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी की थी। फिर एक सिंगल नाम जारी किया गया। मध्य प्रदेश की 230 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए भाजपा ने अब तक 79 प्रत्याशी और छत्तीसगढ़ की 90 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। बैठक में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के नामों को तय कर लिया गया है। ऐसी चर्चा है कि छत्तीसगढ़ में पीएम की जगदलपुर सभा के बाद नामों का ऐलान हो जाएगा। बता दें कि भाजपा के पास मध्य प्रदेश में सत्ता बचाने और छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश में सत्ता पाने की चुनौती है।

पांच राज्यों में इस दिन खत्म हो रहा कार्यकाल
2023 के आखिर में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव होने हैं। मिजोरम में 17 दिसंबर, छत्तीसगढ़ में 3 जनवरी, मध्य प्रदेश में 6 जनवरी, राजस्थान में 14 जनवरी और तेलंगाना में 16 जनवरी को विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इनमें छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान हिन्दी पट्टी राज्य हैं। मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार हैं और यहां शिवराज सिंह मुख्यमंत्री हैं। वहीं छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है। छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल और राजस्थान में अशोक गहलोत मुख्यमंत्री हैं।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here